देश की राजधानी से 24 घंटे में सामने आए कोरोना के 23 और नए मामले
नईदिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में लगातार कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार रात दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटे में 23 और नए मामले सामने आ चुके हैं। इसी के साथ ही दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 97 से बढ़कर 120 हो चुकी है। इससे पहले दो दिन में 23 और 25 संक्रमित मरीज मिले थे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभी तक जमात के 24 लोग संक्रमित ही मिले हैं। मंगलवार को किसी भी व्यक्ति की रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि 23 में से आठ विदेश यात्रा से वापस लौट कर आने वालों में से हैं और सात लोग संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। बाकी आठ संक्रमित मरीजों की अभी जांच चल रही है।
विभाग के अनुसार दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से 120 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक मरीज विदेश जा चुका है। इसके अलावा पांच मरीज डिस्चॉर्ज होकर घर वापस जा चुके हैं। इसके अलावा तबलीगी जमात से मंगलवार रात तक 441 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया जा चुका है। वहीं 1447 लोगों को चरंटीन किया जा चुका है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में चार सरकारी और बाकी प्राइवेट लैब में कोरोना वायरस की जांच चल रही है। अभी तक दिल्ली में 2315 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं जिनमें से 2049 सैंपल की रिपोर्ट मिल चुकी है। इनमें से 120 पॉजीटिव मरीज मिले हैं। हालांकि अभी भी 266 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार ये सभी तबलीगी जमात से जुड़े सैंपल हैं।







.jpeg)












