नेपाल-तिब्बत सीमा की बाढ़ में भाजपा नेता की बेटी समेत छत्तीसगढ़ की तीन महिलाएं लापता    |    बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल : मुख्यमंत्री साय    |    लोकतंत्र सेनानियों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय    |    BREAKING : बंगाल का नया CM- शुभेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नए सीएम- अमित शाह ने किया सीएम का एलान    |    BREAKING NEWS : देखिए लाल किले के पास हुए बम धमाके की खौफनाक तस्वीरें, 8 लोगों की मौत    |    Breaking : 1 नवंबर को सभी स्कूल – कॉलेजों में रहेगी छुट्टी, आदेश जारी    |    BIG BREAKING : सी.पी. राधाकृष्णन होंगे भारत के नए उपराष्ट्रपति    |    साय कैबिनेट की बैठक खत्म, लिए गए कई अहम निर्णय    |    CG Accident : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक-युवती की मौके पर ही मौत, 3 की हालत गंभीर    |    Corona Update : छत्तीसगढ़ में फिर डराने लगा कोरोना, इस जिले में एक ही दिन में मिले इतने पॉजिटिव मरीज    |
CG : शौक या मजबूरी? इंजीनियरिंग के छात्र निकले शातिर चैन स्नैचर, बुजुर्ग महिलाओं को बनाया था निशाना

CG : शौक या मजबूरी? इंजीनियरिंग के छात्र निकले शातिर चैन स्नैचर, बुजुर्ग महिलाओं को बनाया था निशाना

 दुर्ग :  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने चैन स्नैचिंग के जिस गैंग का पर्दाफाश किया है, उसके तार किसी पेशेवर अपराधियों से नहीं, बल्कि तकनीकी शिक्षा ले रहे दो युवा छात्रों से जुड़े हैं. पैसे की तंगी और शौक पूरा करने की चाहत ने इन होनहारों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.

एक ही बुजुर्ग महिला को दो बार बनाया शिकार

मामले की शुरुआत 31 जुलाई से होती है. दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब 6:32 बजे अपने घर के सामने टहल रही थीं. तभी स्कूटी सवार एक युवक-युवती वहां पहुंचे और पीछे बैठे शख्स ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली.

इसके बाद, दुस्साहस देखिए कि 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में एक बार फिर उसी बुजुर्ग महिला (गीता देवी) को दोबारा निशाना बनाया गया. लगातार हो रही इन वारदातों से इलाके में सनसनी फैल गई थी.

सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल

लगातार शिकायतों के बाद हरकत में आई पुलिस ने सुपेला थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच गई. एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने खुलासा किया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे. स्कूटी पर सवार होकर ये सुबह के वक्त उन इलाकों में निकलते थे जहां बुजुर्ग महिलाएं टहलने आती थीं.

पुलिसिया पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस ने जब दबिश देकर विक्की नायक (23) और तरूणा सिन्हा (20) को हिरासत में लिया, तो उनके कारनामों की फेहरिस्त देख पुलिस भी हैरान रह गई. विक्की नायक: मूल रूप से बालाघाट (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में दुर्ग के तितुरडीह में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है.  तरूणा सिन्हा: राजनांदगांव की रहने वाली है और वह भी तितुरडीह, दुर्ग में रहकर इंजीनियरिंग की शिक्षा ले रही है.

दोनों आपस में दोस्त हैं और भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रहे थे. शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पैसों की तंगी और अय्याशी या शौक पूरे करने के चक्कर में इन्होंने आसान रास्ता चुना और चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने लगे. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को जब्त कर लिया है. दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

CG : सेंट्रल जीएसटी की बड़ी कार्रवाई: अवैध गुटखा फैक्ट्री पर छापा, 2 मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त

CG : सेंट्रल जीएसटी की बड़ी कार्रवाई: अवैध गुटखा फैक्ट्री पर छापा, 2 मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने रविवार को कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में छापेमारी की, जहां एक पुराने बिल्डिंग के अंदर सितार कंपनी का गुटखा बनाया जा रहा था। इस दौरान गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और करीब 30 बोरा गुटखा जब्त किया गया है।

जीएसटी अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि, गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इसके अलावा गोदाम में रखे बाकी सामान और दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, अभी अधिकारियों से ऑफिशियल कोई भी जानकारी नहीं दी है।

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की करीब 10 से 12 सदस्यों की टीम 3 वाहनों में मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने गोदाम के भीतर रखे सामान और गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनों को जब्त किया। इसके अलावा मौके से करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब्त सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। हालांकि जब्त सामग्री की वास्तविक कीमत और उस पर लगने वाले टैक्स से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम में कार्रवाई की गई, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है।

सेंट्रल जीएसटी की टीम गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और बाकी सामग्री की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद सेंट्रल जीएसटी की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई। सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CG – सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, पुलिस-होमगार्ड भर्ती के नाम पर बेरोजगारों को बनाया शिकार, ऐसे हुआ खुलासा

CG – सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, पुलिस-होमगार्ड भर्ती के नाम पर बेरोजगारों को बनाया शिकार, ऐसे हुआ खुलासा

 दुर्ग। जिले में  सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगारों और उनके परिवारों से लाखों रुपये ठगने वाले दो आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस विभाग और नगर सेना (होमगार्ड) में भर्ती कराने के नाम पर कुल ₹20 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को सुपेला और पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पिछले काफी समय से फरार चल रहा था जिसे रायपुर से दबोचा गया, वहीं दूसरे आरोपी ने 15 किस्तों में लाखों रुपये ऐंठे थे। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पहला मामला स्मृति नगर चौकी (थाना सुपेला) का है, जहां आरोपी तोपचंद धनकर ने एक महिला के पति को चालक और भाई को पुलिस में आरक्षक बनवाने का झांसा देकर ₹14 लाख से अधिक ऐंठ लिए थे। आरोपी के खिलाफ पहले से स्थाई वारंट लंबित थे और वह फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रायपुर के उरला से गिरफ्तार किया और उसके पास से मोबाइल व दस्तावेज बरामद किए।

वहीं दूसरा मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है, जहां इसरार खान नामक आरोपी ने नगर सेना के बड़े अधिकारियों से पहचान का दावा कर एक महिला के पति से 15 किस्तों में ₹6.30 लाख ठग लिए। नौकरी न मिलने पर जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। पीड़िता की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। ASP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि “जिले में शासकीय नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो अलग-अलग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सुपेला क्षेत्र में पुलिस विभाग में नौकरी का झांसा देकर 14 लाख रुपये और पुलगांव क्षेत्र में नगर सेना में भर्ती के नाम पर 6.30 लाख रुपये की ठगी की गई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आम जनता से अपील है कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर पैसे का लेन-देन न करें।”

GRP की बड़ी कार्रवाई: ट्रेन में पर्स-ATM कार्ड चुराकर खातों से उड़ाता था रकम, अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

GRP की बड़ी कार्रवाई: ट्रेन में पर्स-ATM कार्ड चुराकर खातों से उड़ाता था रकम, अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

 भिलाई। भिलाई में GRP ने ट्रेन में यात्रियों के पर्स और ATM कार्ड चोरी कर उनके खातों से रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खास तौर पर सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाता था। पुलिस के मुताबिक, दूरदराज क्षेत्रों में तैनाती के चलते जवान कई बार तुरंत बैंक से संपर्क कर ATM कार्ड बंद नहीं करा पाते थे। आरोपी इसी स्थिति का फायदा उठाकर उनके खातों से पैसे निकाल लेता था।

पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार दुबे उर्फ लल्लू (34) निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, 12 ATM कार्ड और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी द्वारा कई राज्यों में यात्रियों के पर्स और ATM कार्ड चोरी करने की बात सामने आई है।

मामला 18 अप्रैल 2026 का है। सेक्टर-6 निवासी BSF जवान कन्हैया भगत बिहार जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। टिकट लेने और ट्रेन में सवार होने के दौरान आरोपी ने उनसे बातचीत शुरू की और दोस्ती कर ली।

इसी दौरान आरोपी ने कन्हैया का ATM PIN देख लिया। ट्रेन में चढ़ने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उसने जवान का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में ATM कार्ड था और PIN पहले से पता होने के कारण आरोपी ने कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकाल ली।

पुलिस जांच में पता चला कि चोरी किए गए ATM कार्ड से आरोपी ने करीब 75 हजार रुपये के सोने के झुमके खरीदे। इसके अलावा अलग-अलग ATM से करीब 22,500 रुपये नकद निकाले गए। इस तरह एक ही वारदात में लगभग 97,500 रुपये की रकम निकाली या खर्च की गई।

बाद में आरोपी ने सोने के झुमकों को ग्वालियर में करीब 50 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य वारदातों में भी चोरी किए गए ATM कार्ड का इसी तरह इस्तेमाल किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा कई राज्यों और बड़े शहरों में चोरी, जेबकटी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। करनाल, बेंगलुरु, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, दिल्ली निजामुद्दीन, जालंधर और हावड़ा समेत कई स्थानों पर उसके खिलाफ प्रकरण सामने आए हैं।

पुलिस का कहना है कि अलग-अलग राज्यों में घूमकर ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाना आरोपी की पुरानी कार्यशैली रही है।

कन्हैया भगत के बैंक खाते से रकम निकाले जाने की शिकायत के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की। रेलवे पुलिस की साइबर टीम और भिलाई-3 GRP चौकी की संयुक्त टीम ने ATM लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और सुनील कुमार दुबे को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसकी अन्य वारदातों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

CG – 59 साल के अधेड़ ने की घिनौनी करतूत, नड्डे का लालच देकर 3 मासूमों से की हैवानियत, फिर जो हुआ…

CG – 59 साल के अधेड़ ने की घिनौनी करतूत, नड्डे का लालच देकर 3 मासूमों से की हैवानियत, फिर जो हुआ…

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 59 साल के अधेड़ ने नड्डा खिलाने का लालच देकर तीन मासूमों के साथ हैवानियत की हदें पार की हैं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में आरोपी के खिलाफ भारी आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी एक दुकान संचालित करता है, जहां नड्डा, मुरकू और अन्य खाने-पीने की चीजें बेचता है। आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाली बच्चियों को नड्डा खिलाने का लालच देकर अपने घर बुलाया और वहां उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया। बच्चियों ने जब अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, तब मामले का खुलासा हुआ।

पीड़ितों के साथ उनके परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लेकर आई।

खबर की जानकारी पर करणी सेना के कार्यकर्ता ने भी देर रात कोतवाली थाना घेरा। घटना से आक्रोशित कार्यकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ उसका जुलूस निकालने की मांग की। वहीं बच्चियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने के लिए भी कहा। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

CG – नवविवाहिता ने की आत्महत्या, इस वजह से उठाया खौफनाक कदम, मायके पक्ष ने पति पर लगाया ये गंभीर आरोप…

CG – नवविवाहिता ने की आत्महत्या, इस वजह से उठाया खौफनाक कदम, मायके पक्ष ने पति पर लगाया ये गंभीर आरोप…

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक नवविवाहिता की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले रवीना का विवाह विपुल यादव से हुआ था। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर कथित रूप से विवाहेतर संबंध होने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि इसी वजह से रवीना मानसिक रूप से परेशान थी और उसने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना को पति के कथित प्रेम संबंध से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतका के मामा साहब लाल यादव ने दावा किया कि रवीना और उसका पति घर पर थे। इसी दौरान कथित प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई। जानकारी मिलने पर रवीना का पति से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद पति ने रवीना को कमरे में बंद कर दिया और कथित प्रेमिका के साथ बाहर चला गया।

उन्होंने बताया कि कमरे में बंद रवीना ने पति से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं। रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच उसने पति को लगभग 17 बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर किसी कॉल का जवाब नहीं मिला। इससे पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना ने कथित प्रेमिका से भी करीब 15 मिनट तक फोन पर बातचीत की थी। परिजनों का दावा है कि बातचीत के दौरान रवीना बेहद तनाव में थी और उसने खुद या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें कही थीं।

इसके बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। नवविवाहिता की मौत होने के कारण पंचनामा महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया।

उतई पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया है। मायके वालों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद जौनपुर से परिजन दुर्ग पहुंचे। 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद पिता लल्लन यादव समेत मायके के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।

फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच विवाद, कथित प्रेम संबंध और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही रवीना की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

राज्यपाल रमेन डेका से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सौजन्य भेंट की

राज्यपाल रमेन डेका से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सौजन्य भेंट की

 रायपुर: राज्यपाल  रमेन डेका से लोकभवन में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव ने सौजन्य भेंट की।

छत्तीसगढ़ में पहली बार मिला दुर्लभ श्वेत कॉमन करैत, छठा राज्य बना वैज्ञानिकों और वन्यजीव विशेषज्ञों के महत्वपूर्ण खोज

छत्तीसगढ़ में पहली बार मिला दुर्लभ श्वेत कॉमन करैत, छठा राज्य बना वैज्ञानिकों और वन्यजीव विशेषज्ञों के महत्वपूर्ण खोज

 दुर्ग/चरोदा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के चरोदा स्थित पंचशील नगर में एक अत्यंत दुर्लभ ल्यूसिस्टिक (Leucistic) कॉमन करैत (Bungarus caeruleus) मिलने से वन्यजीव एवं वैज्ञानिक जगत में उत्साह का माहौल है। यह दुर्लभ सांप 21 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:10 बजे एक आवासीय मकान से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू एवं सुरक्षित रिलीज का कार्य वन विभाग , अविनाश मौर्य एवं विजय शर्मा द्वारा किया गया।

जांच के दौरान यह लगभग 2.5 से 3 फीट कॉमन करैत पाया गई। इसका पूरा शरीर लगभग सफेद था, जबकि आंखें सामान्य काले रंग की थीं। इसी कारण इसे अल्बिनो (Albino) नहीं बल्कि ल्यूसिस्टिक (Leucistic) माना गया। ल्यूसिज्म एक अत्यंत दुर्लभ आनुवंशिक अवस्था है, जिसमें शरीर के अधिकांश भाग का रंगद्रव्य (Pigmentation) कम हो जाता है, लेकिन आंखों का रंग सामान्य बना रहता है।

प्रारंभिक उपलब्ध वैज्ञानिक साहित्य के अनुसार, भारत में इस प्रकार के ल्यूसिस्टिक कॉमन करैत के बहुत कम प्रामाणिक रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। उपलब्ध जानकारी के आधार पर छत्तीसगढ़ इस दुर्लभ घटना का दस्तावेजीकरण करने वाला देश का छठा राज्य बन सकता है। हालांकि अंतिम पुष्टि वैज्ञानिक शोध-पत्र के प्रकाशन एवं विस्तृत साहित्य समीक्षा के बाद होगी।

कॉमन करैत भारत के सबसे विषैले सर्पों में से एक है तथा इसे देश के “बिग फोर” विषैले सांपों में शामिल किया जाता है। इसका विष मुख्यतः न्यूरोटॉक्सिक (Neurotoxic) होता है, जो सीधे तंत्रिका तंत्र पर प्रभाव डालता है। इसकी सबसे खतरनाक विशेषता यह है कि इसका दंश अक्सर बिना अधिक दर्द के होता है, जिससे कई बार पीड़ित व्यक्ति समय पर इसकी गंभीरता को समझ नहीं पाता। समय पर उपचार न मिलने पर श्वसन तंत्र प्रभावित होने से मृत्यु भी हो सकती है। भारत में अधिकांश गंभीर सर्पदंश इन्हीं चार प्रमुख विषैले सर्पों से जुड़े होते हैं, जिनमें कॉमन करैत भी शामिल है।

छत्तीसगढ़ में विशेषकर वर्षा ऋतु के दौरान कॉमन करैत के दंश के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। हाल के दिनों में भी राज्य में करैत के काटने से कई मौतों की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे इस प्रजाति के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
वन्यजीव रेस्क्यूअर विशेषज्ञ अविनाश मौर्य ने बताया कि सफेद रंग होने के बावजूद यह सांप सामान्य कॉमन करैत जितना ही विषैला था। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी सफेद या अलग रंग के सांप को देखकर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। ऐसे मामलों में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम अथवा वन विभाग को सूचना दें।

रेस्क्यू के बाद वन विभाग ओर विशेषज्ञों के दिशा-निर्देशों के अनुसार सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार यह खोज केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि भारतीय सर्प विज्ञान (Herpetology) के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस दुर्लभ रिकॉर्ड पर आधारित विस्तृत वैज्ञानिक शोध-पत्र तैयार किया जा रहा है, जिसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका में प्रकाशित करने की तैयारी चल रही है। यदि यह रिकॉर्ड प्रकाशित होता है, तो यह छत्तीसगढ़ की जैव विविधता के लिए एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपलब्धि मानी जाएगी।

अंत में वन्यजीव रेस्क्यूअर अविनाश मौर्य ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण केवल किसी पर्व या वर्षा ऋतु तक सीमित नहीं होना चाहिए। सांप सहित सभी वन्यजीव हमारी जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और वर्षभर इनके संरक्षण के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। यदि कहीं कोई सांप अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान पहुँचाने या मारने का प्रयास न करें। प्रशिक्षित रेस्क्यूअर अथवा वन विभाग को सूचना देकर उसे सुरक्षित बचाने में सहयोग करें। प्रत्येक जीव प्रकृति के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 तस्कर गिरफ्तार

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 तस्कर गिरफ्तार

 दुर्ग। जिले में नशीली दवाइयों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना छावनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जी.ई. रोड स्थित खंडहर पावर हाउस परिसर से अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट और बिक्री की रकम सहित कुल 2 लाख 550 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को थाना छावनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जी.ई. रोड स्थित हीरो शोरूम के पीछे खंडहर पावर हाउस परिसर में कुछ लोग अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई को अंजाम दिया। रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास से नशीली दवाइयां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 नग (NRX) ALPRAZOLAM TABLETS IP 0.5 MG बरामद की। यह दवा प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और इसका गलत इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई नशीली टैबलेट की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपियों के पास से बिक्री की नगद राशि 550 रुपये भी बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 2 लाख 550 रुपये की सामग्री जब्त की है। मामले में थाना छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 514/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22(सी) और 27ए के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय दुर्ग में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल थापा उम्र 29 वर्ष निवासी शर्मा कॉलोनी, मिलन चौक के पास कैम्प-02 भिलाई, प्रदीप साहू उम्र 34 वर्ष निवासी ढोलक पारा, न्यू गणेश चौक कैम्प-02 भिलाई और शहनवाज आलम उर्फ बिन्नी उम्र 26 वर्ष निवासी शारदा पारा, गांधी चौक, शर्मा आटा चक्की के पास कैम्प-02 भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य को प्रभावित करता है और समाज के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे कारोबारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जिले में कहीं भी नशीली दवाइयों, मादक पदार्थों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए जन सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशीली दवाइयों के अवैध व्यापार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जमीन के हिसाब-किताब विवाद में जानलेवा हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

जमीन के हिसाब-किताब विवाद में जानलेवा हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

 दुर्ग। जिले में जमीन की खरीदी-बिक्री के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपियों को मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कार, मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी जब्त किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही है। जानकारी के अनुसार घटना 25 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की है। प्रार्थी विनय कुमार सिंह अपने जीजा नरेंद्र सिंह और साथी रूपेश यादव के साथ देवभूमि लेआउट स्थित कार्यालय पहुंचे थे।

बताया गया कि वहां जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़े हिसाब-किताब को लेकर बातचीत होनी थी। इसी दौरान कार्यालय में पहले से मौजूद आरोपियों के साथ विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी पक्ष पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया और जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान नरेंद्र सिंह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रार्थी विनय कुमार सिंह ने थाना मोहन नगर पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की सिंह उम्र 41 वर्ष निवासी सुपेला भिलाई, रंजीत कुमार सिंह उम्र 43 वर्ष निवासी हुडको भिलाई, रोशन लाल साहू उम्र 44 वर्ष निवासी गौरा चौक थाना मोहन नगर दुर्ग, पप्पू कुमार सिंह उम्र 39 वर्ष निवासी सेक्टर-7 भिलाई और विजय मेनन उम्र 40 वर्ष निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। इसमें एक धारदार हथियार, कार क्रमांक CG 07 CP 6008 और एक मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान घटना में पूर्व नियोजित साजिश और सामूहिक अपराध से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 115(2), 296, 351(3), 61(2) और 111 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गंभीर अपराधों और योजनाबद्ध तरीके से किए जाने वाले हमलों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जमीन संबंधी विवादों में कानून हाथ में लेने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

CG : जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, शिवनाथ नदी में नहाने उतरे दो किशोर बहे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

CG : जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, शिवनाथ नदी में नहाने उतरे दो किशोर बहे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

 दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी/पीपर छेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार को जन्मदिन मनाने पहुंचे दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान 8 दोस्तों में दो किशोर तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम ने गहरे पानी में डीप डाइविंग कर तलाश अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान एक किशोर का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया, जबकि दूसरे बालक की तलाश लगातार जारी है।

मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ की टीम में प्रभारी धनीराम यादव सहित भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप शामिल हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं दूसरे लापता किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी है।

 
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर गजेंद्र यादव का बयान, बोले- ‘उन्हें इस्तीफा वापस लेना चाहिए’

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर गजेंद्र यादव का बयान, बोले- ‘उन्हें इस्तीफा वापस लेना चाहिए’

 दुर्ग। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को अपना इस्तीफा वापस ले लेना चाहिए और किसी एक व्यक्ति की गलती के लिए मंत्री को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। गजेंद्र यादव ने कहा कि किसी भी विभाग में हजारों कर्मचारी काम करते हैं। ऐसे में किसी अन्य व्यक्ति की गलती के लिए मंत्री से इस्तीफा मांगना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी मंत्री नहीं चाहेगा कि उसके विभाग में पेपर लीक जैसी घटना हो।

उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। गजेंद्र यादव ने कहा कि पुरानी मैकाले शिक्षा पद्धति में बदलाव और नई शिक्षा नीति (NEP) लागू करने में धर्मेंद्र प्रधान की अहम भूमिका रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में कई सुधार किए गए हैं, इसलिए धर्मेंद्र प्रधान को अपना इस्तीफा वापस लेना चाहिए।

TRANSFER NEWS : 6 पुलिस अधिकारियों के किए तबादले, देखें लिस्ट

TRANSFER NEWS : 6 पुलिस अधिकारियों के किए तबादले, देखें लिस्ट

 दुर्ग। जिले की पुलिस व्यवस्था में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल ने प्रशासनिक कारणों से 6 निरीक्षक, उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक के तबादला आदेश जारी किए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर लौटे 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, स्टोर रूम में मिला शव

सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर लौटे 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, स्टोर रूम में मिला शव

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में रहने वाले 12वीं के छात्र ने सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटने के कुछ ही देर बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 20 वर्षीय यश कुमार डडसेना के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार,
शुक्रवार को यश कुमार डडसेना की 12वीं बोर्ड की केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा थी। वह परीक्षा देकर घर लौटा था। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं, जबकि उसके पिता छत्रपाल डडसेना अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे। यश की मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं और घटना के समय वह भी घर पर नहीं थीं। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे यश के पिता ने बेटे को मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने घर के लैंडलाइन नंबर पर फोन किया। कॉल यश की दादी ने उठाया। बातचीत के दौरान दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले “टॉयलेट जा रहा हूं” कहकर गया था।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब यश वापस नहीं लौटा तो दादी उसे देखने के लिए गईं। पहले उन्होंने टॉयलेट में तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पास में बने स्टोर रूम का दरवाजा खोला तो यश फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर दादी घबरा गईं और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल मोहन नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की मौजूदगी में शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

ऐसे में पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच कर रही है। परिजनों, रिश्तेदारों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यश किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्या या अन्य किसी कारण से परेशान था या नहीं। पुलिस का कहना है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो मृतक के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक ओर छात्र सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर भविष्य को संवारने की कोशिश कर रहा था, वहीं कुछ ही घंटों बाद उसके इस कदम ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

ब्रेकिंग : रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया सहायक ग्रेड 2, PF की राशि जारी करने के एवज में की थी पैसों की मांग

ब्रेकिंग : रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया सहायक ग्रेड 2, PF की राशि जारी करने के एवज में की थी पैसों की मांग

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 को ACB ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिसने अपने ही विभाग के बाबू से PF की राशि जारी करने के एवज में 10 हजार रुपए की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक, विद्युत यांत्रिकी विभाग में कार्यरत एक बाबू ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने PF से 5 लाख निकालने का आवेदन दिया था। आरोप है कि राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में सहायक ग्रेड 2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसकी शिकायत बाबू ने ACB से कर दी थी।

शिकायत के बाद ACB ने जाल बिछाया और सहायक ग्रेड 2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ACB की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

CG Sex Racket: सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था जिस्मों का धंधा, 3 युवतियां समेत 7 गिरफ्तार

CG Sex Racket: सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था जिस्मों का धंधा, 3 युवतियां समेत 7 गिरफ्तार

 दुर्ग। दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित जलाराम रेस्टोरेंट में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमार कार्रवाई करते हुए मौके से 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 युवतियां, 2 ग्राहक और रैकेट का संचालन करने वाले होटल संचालक दो सगे भाई शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्रवासियों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि जलाराम रेस्टोरेंट की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों के सत्यापन के बाद सीएसपी हर्षित मेहर के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने रेस्टोरेंट पर औचक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों से संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट की आड़ में लंबे समय से कथित तौर पर देह व्यापार का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और जांच से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट का संचालन कब से किया जा रहा था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या इसका संबंध किसी बड़े नेटवर्क से है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CG SCHOOL OPEN : स्कूल खुलने के पहले दिन ही गर्मी ने दिखाया असर, स्कूल में प्रार्थना के दौरान छात्र हुआ बेहोश

CG SCHOOL OPEN : स्कूल खुलने के पहले दिन ही गर्मी ने दिखाया असर, स्कूल में प्रार्थना के दौरान छात्र हुआ बेहोश

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ में आज से शासकीय और निजी स्कूल खुल चुके हैं। स्कूल खुलने के पहले ही दिन भीषण गर्मी और उमस ने बच्चों की सेहत पर असर दिखाना शुरू कर दिया। दुर्ग के जेआरडी स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान एक छात्र अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक सुबह सभी छात्र रोज की तरह असेंबली में खड़े थे। इसी दौरान तेज गर्मी और उमस के बीच एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। छात्र को गिरता देख शिक्षक और स्कूल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार दिया। हालत को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने बिना देरी किए छात्र को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और छात्र की स्थिति की जानकारी ली। डॉक्टरों के मुताबिक समय पर इलाज मिलने से छात्र की हालत अब स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।

"रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर ही मौत, बाइक जलकर हुई राख

"रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर ही मौत, बाइक जलकर हुई राख

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वहीं हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास मार्ग की है।

जानकारी के अनुसार, युवक बाइक क्रमांक CG 07 CV 3947 पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर क्रमांक JH 05 DS 0514 ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई, जिससे उसमें आग लग गई। इसके बाद कुछ ही मिनटों में बाइक जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक बाइक पर अकेला सवार था।

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चरी भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पति-पत्नी की मिली लाश : कमरे में मिली पत्नी की लाश, फांसी के फंदे पर लटका मिला पति का शव, इलाके में फैली सनसनी

पति-पत्नी की मिली लाश : कमरे में मिली पत्नी की लाश, फांसी के फंदे पर लटका मिला पति का शव, इलाके में फैली सनसनी

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पति-पत्नी की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। दोनों की लाश कमरे में मिली। आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी की हत्या की गई, फिर आरोपी ने खुद भी फांसी के फंदे पर लटकर जान दे दी। पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची है और जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना वैशाली नगर पुलिस थाना क्षेत्र के वृन्दानगर कैम्प की है। जी वेंकटरमण मूर्ति 55 वर्ष व उनकी पत्नी जी विद्यामती 52 वर्ष की लाश उनके घर में मिली। महिला का शव कमरे में और वेंकटरमण की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की जानकारी मृतक के घर के सामने रहने वाले मृतक के छोट भाई जी माधव राव ने पुलिस को दी थी। जी माधव राव की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में आगे की जांच कार्रवाई की गई।

मृतिका जी विद्यावति का शव कमरे में पाया गया। वहीं, जी वेंकट रमण मूर्ति की लाश कमरे में नायलाॅन की मोटी रस्सी से फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम मामले में पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए दोनों शव को भेज दिया है। पूछताछ में पता चला है कि मृतक ऑटों ड्राइवर का काम करता था और पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होते रहता था। आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी की हत्या की गई, फिर आरोपी ने खुद भी फांसी के फंदे पर लटकर जान दे दी। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों हुई, इसका पता अभी नहीं चला पाया है। पुलिस मामले में हर पहलुओं पर जांच कर रही है।

CG : लॉज में देह व्यापर का खुलासा, आपत्तिजनक हालत में तीन युवक-युवतियां पकड़ाई

CG : लॉज में देह व्यापर का खुलासा, आपत्तिजनक हालत में तीन युवक-युवतियां पकड़ाई

 दुर्ग। जिले में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र स्थित एक लॉज में छापा मारा है। एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान देह व्यापार से जुड़े कथित नेटवर्क का खुलासा किया। मौके से आपत्तिजनक हालत में तीन युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।

ही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि छावनी थाना अंतर्गत बाबा लॉज में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर एसीसीयू और स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लॉज में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री मिली है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कथित सेक्स रैकेट का संचालन मोबाइल एप के माध्यम से किया जा रहा था। पुलिस को जांच के दौरान एक ऐसे एप की जानकारी मिली है, जिसमें बड़ी संख्या में युवतियों की तस्वीरें और संपर्क संबंधी जानकारी मौजूद थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से तीन युवक-युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की जा रही है।

CG- महिला आरक्षक की मौत : कार-मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर

CG- महिला आरक्षक की मौत : कार-मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सड़क हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलगांव थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक महिला आरक्षक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, खुर्सीडीह-बोरई मार्ग पर एक कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई।

इस घटना में महिला आरक्षक हेमलता ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

BREAKING : पुलिस विभाग में बड़ी फेरबदल, कई थाना प्रभारियों के तबादले, देखें आदेश

BREAKING : पुलिस विभाग में बड़ी फेरबदल, कई थाना प्रभारियों के तबादले, देखें आदेश

 दुर्ग। जिले के पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई थाना प्रभारियों के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में एसपी ने आदेश जारी कर दिया हैं। जारी आदेश के अनुसार श्रद्धा पाठक को अंजोरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं अनिल पटेल को उतई थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वंदिता पनिकर को बोरी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

देखें आदेश

CG – चाकूबाजी से दहली इस्पात नगरी : बहन के साथ आए छात्र पर बदमाशों का खौफनाक हमला, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम…

CG – चाकूबाजी से दहली इस्पात नगरी : बहन के साथ आए छात्र पर बदमाशों का खौफनाक हमला, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम…

 भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले के भिलाई शहर से चाकूबाजी का मामला सामने आया है। जहां सुपेला थाने के आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी के पास बीजापुर से अपनी बहन के साथ परीक्षा देने आए एक छात्र पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया।

यह वारदात उस समय हुई जब छात्र अपनी बहन के साथ परीक्षा देने के लिए आया हुआ था। आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी के पास बदमाशों ने छात्र को रोककर उससे पैसों की मांग की। जब छात्र ने पैसे देने से मना कर दिया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के तुरंत बाद बहन ने पुलिस को मामले की सूचना दी और घायल भाई का इलाज करवाया। इलाज पूरा होने के बाद बहन ने छात्र को परीक्षा केंद्र पहुँचाया।

CG – मौत का तांडव : नशे में धुत कार चालक ने बाइक और स्कूटी को रौंदा, 2 की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर

CG – मौत का तांडव : नशे में धुत कार चालक ने बाइक और स्कूटी को रौंदा, 2 की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर

 दुर्ग। भिलाई में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां नशे में धुत कार चालक की टक्कर से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चंद्रा मौर्या चौक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने एक बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन हवा में उछल गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय नूर और 55 वर्षीय मनोहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सलीम की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि नूर और सलीम एसी बनाने का काम करते थे और एक ही स्कूटी पर सवार थे, जबकि मनोहर पेशे से बीमा एजेंट थे और बाइक चला रहे थे।

विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई का निधन, CM साय ने जताया दुःख

विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई का निधन, CM साय ने जताया दुःख

 दुर्ग। वैशाली नगर (भिलाई) के विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का निधन हो गया है। सीएम विष्णुदेव साय ने X पोस्ट में दुःख जताते हुए कहा, वैशाली नगर (भिलाई) के विधायक  रिकेश सेन जी के बड़े भाई दिनेश सेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस गहन दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

ॐ शांति

विधायक रिकेश सेन का पोस्ट

अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे बड़े भाई श्री दिनेश सेन जी का आज रात्रि दिनांक 17/5/2026 को हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया है। उनकी अंतिम यात्रा निवास स्थान वैशाली नगर से शाम 4:00 बजे राम नगर मुक्तिधाम, भिलाई के लिए निकलेगी।

+ Load More