शराबखोरी से बढ़ रहे अपराध पर अंकुश लगाने, राज्यपाल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लिखा पत्र
रायपुर। लॉकडाउन में शराब दुकान खोले जाने, शराब सेवन के बाद उत्पन्न आपराधिक गतिविधियों व दुर्घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए राज्यपाल अनुसुईया उइके ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसके पर कड़ाई से रोकथाम लगाने कहा है। पत्र के साथ ही उन्होंने इस संबंध में प्राप्त ज्ञापनों का भी उल्लेख किया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम लिखे पत्र में राज्यपाल ने कहा है कि विभिन्न संचार माध्यमों से यह सूचना प्राप्त हो रही है कि लॉकडाउन के दौरान अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा शराब पीकर पत्रकारों, अधिकारियों, चिकित्सा कर्मियों, सफाई कर्मियों के साथ दुव्र्यवहार एवं आपराधिक कृत्य किये जा रहे हैं, जिन्हें प्रभावी तरीके से रोके जाने की आवश्यकता है। सुश्री उइके ने कहा कि ऐसे समय में जब प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी कोरोना वायरस की महामारी से उत्पन्न हो रही विभिन्न प्रकार की समस्याओं के निराकरण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने में व्यस्त है। तब आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा मद्यपान उपरांत कोरोना वायरस की महामारी से लड़ रहे हमारे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनों के साथ इस प्रकार के अपराध करने से उनका मनोबल कमजोर होता है। साथ ही लॉकडाउन के दौरान शराब के कारण घरेलू हिंसा एवं दुर्घटनाओं में भी बढ़ोत्तरी हुई है, जिसे प्रभावी तरीके से रोके जाने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा है कि इस समय उपरोक्त आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों से हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश के कोरोना वॉरियर्स तथा आमजनों को बचाना अति आवश्यक है। इसके लिए इनके विरूद्ध त्वरित दंडात्मक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।







.jpeg)












