निर्दलीय प्रत्याशियों का बढ़ा चुनावी प्रचार, भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी है घबराये हुए, जाने पूरी खबर
महासमुंद | इस बार नगरीय निकाय चुनाव में 49 निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं जिन्होंने भाजपा, कांग्रेस प्रत्याशियों के नाक में दम कर रखा है जिससे राष्ट्रीय पार्टियों का समीकरण बिगड़ता दिख रहा है। जानकारों की मानें तो निर्दलीय मैदान में उतरे बागी और नए चेहरे जनता का ध्यान अपनी तरफ खींचने में अब तक कामयाब होते नजर आ रहे हैं हालांकि निर्दलियों का कितना प्रभाव जनता पर पड़ेगा यह चुनाव परिणाम के बाद ही पता चलेगा पर शहर की सरकार बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
शहर के 30 वार्डों में इस बार 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिनमें 49 प्रत्याशी निर्दलीय है जिनमें कुछ बागी तो कुछ नए चेहरे हैं। वार्ड 7 और 10 में निर्दलियों की संख्या अधिक है जहां घमासान मचा है। आरोप-प्रत्यारोप से लेकर वार्ड विकास और मूलभूत सुविधाओं की घोषणा प्रत्याशी घर-घर जाकर दस्तक दे रहे हैं। वहीं कई प्रत्याशी लोकलुभावन वादे के अलावा आने वाले दिनों में साम, दाम, दंड, भेद की रणनीति पर काम कर रहे हैं जो प्रचार के आखिरी दिनों में खासकर 20 तारीख की रात में खेला जाएगा। प्रत्याशी पिकनिक पार्टी से लेकर धनबल का भी भारी प्रयोग कर रहे हैं। शहर के वार्ड 5, 9, 13,15 ,17, 22 और 30 निर्दलीय दावेदारों से अछूते हैं यहां मुख्यत: भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने हैं। जोगी कांग्रेस और आप के उम्मीदवार भी प्रचार-प्रसार में कम नहीं है ।
पार्षद चुनकर अध्यक्ष बनने की तैयारी
पार्षद ही अध्यक्ष चुनेंगे इस निर्णय के बाद से ही यह तय हो गया था कि इस बार का नगरीय निकाय चुनाव काफी रोचक होने वाला है। महासमुंद नगर पालिका के लिए 144 दावेदारों में से 35 वर्तमान व पूर्व पार्षद चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में जीत हासिल होने पर इनमें से ही कुछ ही अध्यक्ष पद की दावेदारी करेंगे इस प्रकार अध्यक्ष पद की दावेदारी करने वाले कुछ लोगों को दो-दो चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। पहले पार्षद के लिए जोर आजमाइश फिर अध्यक्ष के लिए जद्दोजहद अध्यक्ष पद को लक्ष्य मानकर चुनाव मैदान में दावेदारों का तो सब कुछ दांव पर है। इनमें से कई ऐसे हैं जो अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर रहकर इस बार पार्षद के लिए चुनाव मैदान में है । पहली बार चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों के लिए पाने के लिए बहुत कुछ है पर खोने का डर उन्हें नहीं है। वहीं, दिग्गजों की नींद हराम है।
वार्ड 7, 10 में अधिक निर्दलीय उम्मीदवार
वार्ड 7 में सबसे अधिक निर्दलीय प्रत्याशी हैं भाजपा, कांग्रेस ,जोगी कांग्रेस और आप को छोड़ कर यहां से मन्नू लाल चौहान, मोहम्मद रशीद, बबलू हरपाल, मोहम्मद इलियास, संजय पटेल, श्रीधर यादव, श्यामसुंदर चुनाव मैदान में है । इसी तरह वार्ड 10 में भी निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या अधिक है। यहां से कुमुद रानी ठाकुर, पप्पू ठाकुर, प्रभात साहू, प्रकाशचंद पटेल, प्रतिभा चंद्राकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हैं इसके अलावा राकांपा से श्रीमती शोभा शर्मां चुनाव मैदान में हैं। यहां से भाजपा से देवीचंद राठी, कांग्रेस के खिलावन बघेल, जोगी कांग्रेस की बोनी कुणाल रंगारी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
18 वार्डों में घमासान
वैसे तो निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव को रोचक बना दिया है जहां एक तरफ 30 में से 13 वार्ड में त्रिकोणीय मुकाबला है। वहीं वार्ड 6 ,7,10, 11 ,13, 14,15 ,16 ,17,18,19 , 20, 24, 25 , 26, 28, 29, 30 में घमासान मुकाबला है। वर्तमान पार्षद अपने वार्डों को छोड़कर दूसरे वार्डों से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं वहीं स्थानीय वार्ड के प्रत्याशी उनका बाहरी होने का मुद्दा जोर-शोर से जनता के बीच उठा रहे हैं।







.jpeg)












