अब पावडर दूध से बनेगी स्कूलों में खीर
स्कूलों में दूध पावडर के पैकेट उपलब्ध करा रहा शासन
महासमुंद। शासन सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों की सेहत को लेकर संजीदा है। यही कारण है कि स्कूलों में बच्चों को मिलावटी दूध की जगह बेहतर दूध से बनी खीर दिए जाने के लिए स्कूलों में पावडर दूध का वितरण किया जा रहा है।
करीब दो दिन पूर्व ही जिले के स्कूलों में खीर के लिए शासन ने संकुल के माध्यम से दूध पावडर के पैकेट उपलब्ध कराया है। बुधवार को उक्त पावडर दूध से निर्मित खीर कई स्कूलों में मध्यान्ह भोजन में बच्चों को परोसा गया। बताया जाता है कि बाहर मिलने वाली दूध की गुणवत्ता का अंदाजा लगा पाना संभव नहीं है। जिसे देखते हुए शासन ने स्कूलों को देवभोग दूध पावडर का पैकेट उपलब्ध कराया है। 1 किलो के पैकेट से करीब पांच किलो दूध तैयार होगा जिससे बनी खीर गुणवत्तायुक्त होगी। संकुल समन्वयक जागेश्वर सिन्हा ने बताया कि 20 ग्राम की दर से प्रतिमाह बच्चों को दिया जाना है।
बच्चों की संख्या के आधार पर पैकेट -
बच्चों की संख्या के आधार पर दूध पैकेट का वितरण किया जा रहा है। लगभग 70 बच्चों के लिए प्रति माह के आधार पर चार पैकेट दिया जा रहा है। उक्त दूध का उपयोग सप्ताह में एक बार बच्चों को मध्यान्ह भोजन में खीर परोसने का निर्देश जारी किया गया है। ज्ञात हो कि मध्यान्ह भोजन के मेनू में सप्ताह में एक दिन खीर दिए जाने का प्रावधान है। पहले स्कूलों में खुले दूध से खीर बनाई जाती थी जो अब पावडर निर्मित दूध से बनाई जाएगी।







.jpeg)












