चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान कल सुबह 8 बजे से, 6 प्रत्याशी मैदान में
छत्तीसगढ़ के चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान कल सोमवार को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा जो शाम 5 बजे संपन्न होगा। मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 229 मतदान केन्द्र बनाए गए गए है। इन मतदान केन्द्रों के लिए जगदलपुर के धरमपुरा स्थित शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों की रवानगी शुरू हो गई है।
चित्रकोट उपचुनाव के लिए मैदान में कुल 6 प्रत्याशी है। इनमें जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से बोमड़ा मंडावी, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजमन बेंजाम, भारतीय जनता पार्टी से लच्छूराम कश्यप, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से हिड़मो राम मण्डावी, आंबेडकराईट पार्टी ऑफ इंडिया से लखेश्वर कवासी और निर्दलीय प्रत्याशी रितिका कर्मा शामिल है। चूंकि विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को शाम 5 बजे से चुनाव के प्रसार-प्रचार पर प्रतिबंध लग गया है, इसलिए अब सभी दलों के प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट मांगने की अपील कर रहे है।
एक लाख 67 हजार 911 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग:
चित्रकोट उपचुनाव में विधानसभा क्षेत्र के एक लाख 67 हजार 911 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 79 हजार 284 पुरुष मतदाता और 88 हजार 626 महिला मतदाता के साथ ही एक तृतीय लिंग मतदाता भी शामिल है। वहीं चुनाव के लिए बनाए गए कुल 229 मतदान केन्द्रों में 916 मतदान कर्मियों द्वारा मतदाताओं को मतदान कराएंगे। 229 मतदान केन्द्रों में 213 मतदान केन्द्र बस्तर जिले में और 16 मतदान केन्द्र सुकमा जिले में स्थित है। इन मतदान केन्द्रों के लिए 916 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें पीठासीन के साथ ही मतदान दल के तीन और अधिकारी शामिल हैं। निष्पक्ष और स्वतंत्रतापूर्वक मतदान सुनिश्चित करने के लिए 58 संवेदनशील मतदान केन्द्रों में माईक्रो आब्जर्वर भी तैनात रहेंगे।
निष्पक्ष व शांतिपूर्ण रूप से चुनाव संपन्न कराने सुरक्षा का रहेगा पुख्ता इंतजाम:
उपचुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में पांच हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है इसके साथ ही एक मतदान केन्द्र में केन्द्रीय सुरक्षा बल की एक कंपनी तैनात की गई है। छत्तीसगढ़-उडि़सा सीमा को सील कर दिया गया है। तीन जिले के सीमा क्षेत्रों में केन्दीय सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए हैं, इसके साथ ही हेलिकॉप्टर और 32 ड्रोन कैमरों से मतदान के दिन पूरे विधानसभा क्षेत्र की निगरानी की जायेगी। इसके साथ ही बम विरोधी दस्ता एवं इन्द्रावती नदी के किनारे पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे, जिसमें केन्द्रीय सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल, स्पेशल टास्क फ ोर्स और जिला पुलिस बल के सैकड़ों जवान तैनात रहेंगे।







.jpeg)












