सड़कों पर भूत बनकर राहगीरों को डराना यूट्यबर्स को पड़ा महंगा,7 यूट्यबर्स हुए गिफ्तार
बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में कुछ वक्त से सड़कों से गुजरते लोगों का 'भूतों' से सामना हो रहा था। दरअसल कुछ शरारती यूट्यबर्स वीडियो बनाने के लिए ऐसा कदम उठा रहे थे। इस तरह की कई शिकायतें सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में 7 यूट्यूबर्स को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार लोगों की उम्र 20 से 27 साल के बीच की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सभी लोग वीडियो बनाने के लिए रात में भूतों की तरह दिखने वाले डरावने कपड़े पहनकर रात के अंधेरे में सड़कों पर निकलते थे। इस दौरान गुजरने वाले राहगीरों को यह लोग भूत बनकर डराते थे। बेंगलुरु के डीसीपी एस कुमार के मुताबिक सभी आरोपी युवक जबर्दस्ती मुसाफिरों को रोककर उन्हें डरा रहे थे। सभी को जमानती धाराओं में गिरफ्तार किया गया इसके बाद उन्हें थाने से जमानत दे दी गई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों को सीसीटीवी फुटेजेस के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। वीडियो में सभी युवक सफेद कपड़ों और लंबे बालों वाली विग पहनकर ऑटो चालक और बाइक सवारों को डराते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के शिकार एक ऑटो ड्रायवर ने पुलिस में इसकी शिकायत करते हुए सड़क पर भूत होने की बात कही थी। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी युवक झुग्गियों में रहने वाले हैं।
पिछले कुछ वक्त में यूट्यूब पर प्रेंक वीडियो अपलोड करने के लिए इस तरह का चलन काफी बढ़ गया है। लोग मजाक करने और यूट्यूब के ज्यादा से ज्यादा हिट्स पाने के चक्कर में इस तरह के वीडियो तैयार कर रहे हैं। लेकिन कई बार इसका खामियाजा आम लोगों को परेशानी भुगतकर उठाना पड़ता है।







.jpeg)












