80 के हुए महानायक : जब Amitabh Bachchan को रेडियो में नहीं मिली थी नौकरी, तो करना पड़ा था शिपिंग कंपनी में काम, जाने अमिताभ नाम रखने की कहानी
80 के हुए महानायक : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज पूरे 80 सालों के हो चुके हैं। पिछले 5 दशकों में हिंदी सिनेमा को कई नायाब और यादगार फिल्मों की सौगात दी है, हालांकि उनका शुरुआती करियर संघर्षों से भरा रहा था। अमिताभ बच्चन ने अपनी करियर की शुरुआत से पहले ही ऐसे दिन देख लिए थे, जिससे उन्हें इंडस्ट्री छोड़ने का आभास होने लगा था। आज महानायक के जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी संघर्षों से भरी जिंदगी की कुछ अनसुनी बातें-
बिग बी का असली नाम ?
11 अक्टूबर 1942 में इलाहाबाद (अब प्रयागराज), उत्तर प्रदेश में जन्में अमिताभ बच्चन के पिता डॉ हरिवंश राय बच्चन अपने जमाने के मशहूर लेखक थे और मां तेजी बच्चन कराची से थीं। आजादी के लड़ाई लड़ रहे भारत में पैदा हुए अमिताभ को बचपन में मां-बाप ने इंकलाब नाम दिया था, लेकिन बाद में उनका नाम बदल दिया गया। हरिवंश राय बच्चन को उनके मित्र और कवि सुमित्रा नंदन पंत ने बेटे का नाम इंकलाब से अमिताभ रखने कि सलाह दी थी। अमिताभ का परिवार श्रीवास्तव सरनेम फॉलो करता था, लेकिन उनके पिता ने पेन नेम बच्चन को ही अपना सरनेम बना लिया था।
अमिताभ बचपन से ही अभिनय में रुचि रखते थे, जिसके चलते उनके पिता हरिवंश ने पृथ्वी थिएटर के फाउंडर पृथ्वीराज कपूर से बेटे को इंडस्ट्री में काम दिलाने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
रेडियों में नहीं मिली थी नौकरी
नौकरी की तलाश में अमिताभ बच्चन ऑल इंडिया रेडियो पहुंचे थे, लेकिन उनकी भारी आवाज के चलते उनका मजाक उड़ाकर उन्हें ऑडीशन से भगा दिया गया था। उस समय हर कोई अंजान था कि यही आवाज एक दिन दुनिया जीत लेगी।
शिपिंग कंपनी में करना पड़ा था काम
आज बॉलीवुड के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेताओं में से एक अमिताभ ने महज 500 रुपए की सैलेरी में अपनी पहली नौकरी की थी। जिसमें से कट-पिट कर उन्हें महज 460 रुपए ही मिला करते थे। बिग बी कोलकाता की बर्ड एंड शिपिंग कंपनी में एग्जीक्यूटिव थे। इस नौकरी के दौरान ही वो समय निकालकर प्ले में हिस्सा लिया करते थे।







.jpeg)












