सेल्फी लेने के चक्कर में झरने में गिरने से एक किशोर की मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में एक किशोर की सेल्फी लेने के चक्कर में झरने में गिरने से मौत हो गई। घंटों की मशक्कत व खोजबीन के बाद चट्टानों के बीच से किशोर का शव बरामद किया गया. पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जाहिर की है. घटना गिरिडीह के गावां थानाक्षेत्र के चरकी चांदनी चूल्हा वाटरफॉल की है. मृतक दोस्तों के साथ वाटरफॉल घुमने गया था।
माल्डा निवासी उत्तम कुमार (17 वर्ष) पिता गुड्डू तिवारी अपने कुछ दोस्तों के साथ घुमने के लिए घर से 12 किमी दूर चरकी के चांदनी चूल्हा वाटरफॉल गया था. वहीं सेल्फी लेने के चक्कर में वह झरने में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गांववालों ने बताया कि ये लोग पिकनिक मनाने के लिए वाटरफॉल गये हुए थे. इसी दौरान सेल्फी लेने के चक्कर में उत्तम का पांव फिसल गया और वह झरने में जा गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई. दोस्तों ने इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ परिजनों को दी. सूचना मिलते ही निमाडीह मुखिया प्रतिनिधि, माल्डा मुखिया प्रतिनिधि सहित परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और शव की खोजबीन करने लगे. काफी देर तक खोजबीन करने के बाद चट्टानों के बीच शव को बरामद किया गया.
मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाये गये. ग्रामीणों ने घटना की सूचना गावां थाने को दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.
मृतक के पिता नित्यानंद तिवारी ने गावां थाने में आवेदन देकर छह साथियों पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है. आवेदन में कहा गया है कि उत्तम तिवारी को माल्डा निवासी कुंदन कुमार तिवारी, शक्ति तिवारी, गौरव तिवारी, पलम यादव, परशुराम पंडित एवं दीपक राणा आदि ने मोबाइल फोन पर कॉल कर बुलाया और उसे चरकी जंगल ले गए. वहीं इनलोगों ने मारपीट कर पुत्र की हत्या कर दी. और लाश को नदी के किनारे फेंक दिया.







.jpeg)












