नौसिखिए व अर्धज्ञानी वाहन चालकों के चलते शहर में बढ़ी दुर्घटनाएं
पदयात्रियों के लिए सड़क के दोनों ओर छोड़ी गई जमीन पर भी होता है चारपहिया वाहनों का कब्जा
रायपुर। राजधानी में रायपुर रेलवे स्टेशन से मेकाहारा से सब्जी मार्केट सहित अन्य स्थानों में आने जाने के लिए ज्यादातर लोग दूरी कम होने के चलते पैदल ही एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाते हैं लेकिन शहर के अंदर पदयात्रियों के लिए पाथवे का निर्माण सही ढंग से नहीं होने के चलते आए दिन पदयात्री दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। वहीं सड़क के दोनों ओर पदयात्रियों के लिए छोटी सी जगह तो छोड़ी गई है लेकिन इस पर भी चारपहिया वाहन चालक अपनी कार व अन्य गाडिय़ों को खड़ी कर दे रहे हैं जिसके चलते पैदल यात्री सड़क पर चलने पर मजबूर हैं। ज्ञातव्य हो कि केंद्र सरकार द्वारा ट्रैफिक रूल्स को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं इसके बावजूद भी नौसिखिए व मनमानीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। शहर के अधिकांश चौक में सिग्नल जंप करते वाहन चालक दिन भर देखे जाते हैं इसके बावजूद भी इन पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती। मनमानीपूर्वक चारपहिया व दोपहिया चालक कहीं भी अपनी वाहन खड़ी कर देते हैं या फिर अचानक से गाड़ी घूमा लेने के चलते शहर में दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है। पदयात्रियों का कहना है कि शहर में खरीदी व अन्य अन्य कामों के लिए पैदल जाने के लिए सड़क के दोनों ओर तीन-तीन फीट ऊंचाई का पाथवे का निर्माण कर ना चाहिए ताकि पाथवे के ऊपर से दोपहिया व चारपहिया वाहन न पार्किंग कर सके व न ही उसके ऊपर से गुजर सके। अधिकांश चालकों को यातायात नियमों की जानकारी नहीं होने के कारण तेज गति से पीछे आती गाड़ी को ओव्हरटेक करने के चक्कर में अचानक दायें या बाएं बिना इंडीकेटर दिए गाड़ी मोडऩे से गंभीर दुर्घटनाएं हो रही है। इसी तरह रात के समय चारपहिया वाहनों की हाईस्पीड लाइट की रोशनी में गुजरते दोपहिया वाहनों को अपर डीपर का ज्ञान नहीं होने के कारण आंखे चौधियाने की वजह से रात के समय दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा है। शहर में नौसिखिए एवं अर्धज्ञानी वाहन चालकों के चलते शहरियों का जीवन आए दिन खतरे में रहता है। सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य एसडी शर्मा, जीएस राममूर्ति एवं एसके भार्गव ने पुलिस अधीक्षक रायपुर से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों एवं पाथवे पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए आम लोगों की आवाजाही सुगमतापूर्वक तत्काल होने के संबंध में यातायात अमले को निर्देश देने की मांग की है।







.jpeg)












