मंकीपॉक्स के बढ़ते खतरे के बीच केंद्र ने राज्यों के लिए जारी की गाइडलाइंस, 24 देशों में फैला संक्रमण...
नई दिल्ली : दुनिया के कई देशों में मंकीपॉक्स खतरा लगातार बढ़ते ही जा रहा है। यह वायरस तेजी से लोगों के बीच फ़ैल रहा है। चेचक कहे जाने वाले प्रजाति की ही इस बीमारी का बड़ी संख्या में लोग शिकार हो रहे है। इस बीच बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत में मंकीपॉक्स के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों के लिए गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी की गई गाइडलाइंस के तहत मंकीपॉक्स से संक्रमित मरीजों की निगरानी पूरे 21 दिन तक की जाएगी।
हालांकि अभी तक राहत वाली बात है कि भारत में इस बीमारी का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार ने एहतियात बरतते हुए रोग के प्रबंधन को लेकर यह गाइडलाइन जारी की है। गाइडलाइंस में इस ओर विशेष ध्यान दिया गया है कि बीमारी के बारे में जल्द से जल्द और ज्यादा से ज्यादा जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अगर संक्रमण का कोई मामला सामने आ भी जाता है, तो वक्त रहते उसकी पहचान कर उससे दूरी बना ली जाए। जैसे कि बीमार व्यक्ति की किसी भी सामग्री के संपर्क से बचना, संक्रमित रोगी को दूसरों से अलग रखना, हाथ की स्वच्छता और रोगियों की देखभाल करते समय उचित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) का उपयोग करना।
अब तक 24 देशों में फैल चुका मंकीपॉक्स
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दुनिया भर में इन दिनों मंकीपॉक्स बीमारी तेजी से फैल रही है। अब तक 24 देशों में इसके मामले उजागर हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि इन देशों में सामने आए केस की संख्या 400 से भी ज्यादा हो गई है।







.jpeg)












