सेना के जवान ने पत्नी संग फांसी लगा की आत्महत्या, इलाके में फैली सनसनी
धर्मशाला/जबलपुर. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से सनसनीखेज खबर सामने आयी है, जिले से ताल्लुक रखने वाले एक सेना के जवान ने मध्य प्रदेश स्थित जबलपुर में अपनी पत्नी के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. कांगड़ा निवासी यह जवान जबलपुर में ही जैक रायफल में पदस्थ था. घटना की जानकारी सुबह उस समय मिली जब सिपाही पंकज सिंह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा, जब ड्यूटी पर ना आने का कारण जानने पंकज के साथी उसके घर पहुंचे तो उन्हें पंकज और उनकी पत्नी सुनीता द्वारा आत्महत्या करने की जानकारी मिली.
इस घटना के बाद आर्मी ऑफिसर्स और पुलिस भी उनके सरकारी क्वार्टर पर पहुंची जहां उनके शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए. बताया जा रहा है कि पंकज और सुनीता की एक साल पहले ही शादी हुई थी और दोनों कुछ महीनों पहले यहां आकर रहने लगे थे.
बहरहाल पुलिस ने पंकज और सुनीता के परिजनों को घटना की जानकारी देकर जबलपुर बुलवाया है, और उनके बयान होने के बाद आत्महत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है. इस घटना से पूरे जेएंडके राइफल्स में हड़कंप मचा हुआ है.
कैंट पुलिस ने बताया कि जैक रायफल में पदस्थ रायफलमैन पंकज सिंह अपनी पत्नी सुनीता सिंह के साथ फैमिली क्वार्टर में रह रहे थे. 25 नवंबर 2020 में उनका विवाह हुआ था. विवाह के पश्चात पंकज अकेले ड्यूटी पर आ गए थे. करीब 6 महीने बाद वो अपनी पत्नी सुनीता को भी जबलपुर ले गए थे. शनिवार रात को किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था. जिसके बाद दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.







.jpeg)












