बड़ा हादसा : कनवेयर बेल्ट में फंसकर श्रमिक की हुई मौत...
सतना : गत दिवस प्रिज्म जॉनसन सीमेंट फैक्ट्री के क्रेशर प्लांट में कनवेयर बेल्ट में फंसने से श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगते ही मृतक के परिजन फैक्ट्री के गेट के सामने एकत्र हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन और मृतक परिवार के बीच पुलिस व राजस्व अमले की मौजूदगी में लम्बे दौर तक वार्ता चली। फैक्ट्री प्रबंधन के द्वारा मुआवजा और नौकरी का आश्वासन दिया गया है। पुलिस के द्वारा घटना स्थल की जांच कर शव को पीएम के लिए मरचुरी में रखवाया गया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि रामपुर बाघेलान थाना के मनकहरी चौकी अंतर्गत प्रिज्म जॉनसन सीमेंट में दिनेश पटेल पिता स्वामीदीन पटेल निवासी बंदरखा हाल निवास अरविंद पब्लिक स्कूल के पीछे थाना कोलगवां नियमित श्रमिक था। नियमित श्रमिक दिनेश गत दिवस क्रेशर प्लांट में काम कर रहा था। पुलिस ने बताया कि काम करने के दौरान कनवेयर बेल्ट में फंस गया जिसकी वजह से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
नियमित श्रमिक की मौत की जानकारी लगते ही फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। श्रमिक को घटना स्थल से उठा कर फैक्ट्री के अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। प्रिज्म जॉनसन सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन के द्वारा बताया गया कि हादसे में मृत नियमित श्रमिक के परिजनों को दस लाख रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता बाद में मुहैया कराई जाएगी। मृत कर्मचारी के नाबालिग पुत्र को हर माह पढ़ाई के लिए पांच हजार रुपए दिए जाएंगे।
बालिग होने पर मृत कर्मचारी के बेटे को फैक्ट्री में संविदा आधार पर नौकरी दी जाएगी। मृत श्रमिक की पत्नी को हर माह पेंशन दिया जाएगा। हादसे में नियमित श्रमिक दिनेश की मौत की सूचना पर परिवार के कई सदस्य अलग-अलग वाहनों से पहुंच गए। मृतक के परिजन फैक्ट्री गेट पर जमा होकर नारेबाजी करने लगे, तब तक रामपुर बाघेलान टीआई अनिमेष द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच चुके थे। पुलिस की मौजूदगी में फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारियों ने मृत परिवार से चर्चा की। रामपुर बाघेलान पुलिस ने बताया कि घटना स्थल की जांच के उपरांत शव को पीएम के लिए मरचुरी में रखवा दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।







.jpeg)












