बड़ी खबर-शिवसेना का दावा, 170 विधायकों का समर्थन हमारे पास,मुख्यमंत्री तो शिवसेना से ही बनेगा : संजय राउत
मुंबई ,महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर शिवसेना और भाजपा के बीच खींचतान जारी है। इसी खींचतान के बीच शिवसेना सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के पास अभी 170 विधायकों का समर्थन है और यह संख्या 175 के पार भी हो सकती है। संजय राउत ने दावा किया कि महाराष्ट्र में इस बार शिवसेना का ही मुख्यमंत्री होगा। सरकार का गठन पहले बनी सहमति के आधार पर होना चाहिए। यह इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि सबसे बड़ा एकल दल कौन सा है। मालूम हो कि राज्य में 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से दोनों गठबंधन साझीदारों के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर गतिरोध बना हुआ है। इस चुनाव में 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना ने 56 और भाजपा ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की। राज्यसभा के सदस्य राउत ने कहा, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने किसी शिव सैनिक (शिवसेना के सदस्य) को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया था और अब इसका समय आ गया है। शिवसेना के मुखिया उद्धव ठाकरे लगातार यह कह रहे हैं कि बीजेपी ने चुनाव से पहले 50-50 फॉम्र्युले की बात कही थी। यानी ढाई-ढाई साल का सीएम। दूसरी तरफ भाजपा प्रमुख अमित शाह इस मुद्दे पर अब तक चुप हैं।







.jpeg)












