बड़ी खबर : पुलिस कस्टडी से फरार को मुठभेड़ में पैर में गोली मारी.....
जौनपुर : चोरी की साजिश रचते समय गिरफ्तार पेशी के लिए अदालत ले जाते वक्त अभिरक्षा से हथकड़ी सहित जीप से कूदकर फरार चोरी का आरोपित रविवार की सुबह मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे 14 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल हो गया। मुठभेड़ स्थल से बाइक, तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद हुआ है। उसका बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार शनिवार की भोर में चंदवक थाना पुलिस ने लोहराखोर बाजार के पास से चोरी की साजिश रचते समय सचिन यादव निवासी मझिली व अजीत उर्फ गोरख कुमार निवासी बजरंग नगर अइलिया को गिरफ्तार किया था। मुकदमा दर्ज कर चालान करने के बाद पुलिस दोनों को अदालत में पेश करने के लिए सरकारी जीप से लेकर जा रही थी। जफराबाद रेलवे स्टेशन के समीप स्थित क्रासिग का फाटक बंद होने के कारण पुलिस कर्मियों ने जीप रोक दी। लघुशंका करने के बहाने उतरे दोनों आरोपित हथकड़ी समेत भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर सचिन को तो दबोच लिया, कितु अजीत फरार हो गया।
पुलिस महकमे में खलबली मच गई। रविवार की सुबह थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह सहयोगियों के साथ गश्त को निकले थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि फरार आरोपित अपने साथी संग बाइक से हरिहरपुर से देवलासपुर की तरफ जा रहा है। पुलिस टीम ने अंडरपास के पास घेराबंदी कर ली। छावनी नाला पर पुलिस से घिरता देख अजीत ने गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिग की। पैर में गोली लगने से अजीत साथी सहित बाइक लेकर गिर पड़ा। अजीत को पुलिस ने दबोच लिया जबकि उसका साथी भाग गया। अजीत को पुलिस सीएचसी डोभी ले गई। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू रेफर कर दिया।







.jpeg)












