बड़ी राहत - चार और कोरोना मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज, एम्स ने की पुष्टि
रायपुर। प्रदेश के लिए बड़ी राहत की खबर है कि बुधवार को 4 और कोरोना मरीज ठीक होकर एम्स रायपुर से डिस्चार्ज किए गए हैं। इसकी पुष्टि एम्स के जनसंपर्क अधिकारी ने की है। इधर शाम 7 बजे एम्स से जारी बयान में निदेशक प्रो.(डॉ.) नितिन एम.नागरकर ने कहा था कि एडमिट कोरोना वायरस के सभी 20 पॉजीटिव रोगियों की स्थिति स्थिर बनी हुई है। सभी रोगी एम्स के विशेषज्ञों की निरंतर निगरानी में हैं और उन्हें आईसीएमआर के प्रोटोकॉल के अनुसार दवाइयां प्रदान की जा रही हैं। निरंतर उनके सैंपल टेस्ट किए जा रहे हैं। दो लगातार टेस्ट नेगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा। डॉ.नागरकर भी निरंतर वार्ड का दौरा कर रोगियों की हालत पर निगाह बनाए हुए हैं। इसके कुछ देर बाद ही एम्स के जनसंपर्क अधिकारी ने जानकारी दी कि चार कोरोना मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 16 रह गई है। बता दें कि मंगलवार को एम्स से ठीक होने के बाद कोरोना के 3 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया था। इस तरह से दो दिनों मंगलवार और बुधवार को मिलाकर एम्स से कुल 7 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।







.jpeg)












