BREAKING NEWS: बेटी का हाथ देने से किया इनकार तो महिला पर जानलेवा हमला, भीड़ ने आरोपी को पीट-पीट कर मार डाला
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा से मॉब लिंचिंग की खबर सामने आई है. जिले के राजा भिट्ठा थाना क्षेत्र में मुन्ना पहाड़िया नामक युवक ने एक महिला पर जानलेवा हमला किया. इससे गुस्साई भीड़ ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला की बेटी से शादी करना चाहता था. पर महिला इसके लिए तैयार नहीं हुई. गुस्सा में आकर आरोपी ने महिला पर धारदार हथियार से वार कर दिया. इस घटना में महिला शिला मरांडी बुरी तरह घायल हो गई.
महिला पर हमले की सूचना मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गये और आरोपी युवक मुन्ना पहाड़िया को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. भीड़ द्वारा युवक की इतनी पिटाई की गई कि अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई.
मॉब लिचिंग की सूचना पर राजा भिट्ठा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. आरोपी युवक और महिला को पुलिस राजा भिट्ठा अस्पातल ले गयी. वहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में आरोपी की रास्ते में मौत हो गई. वहीं महिला की भी हालत गंभीर बनी हुई है.
पीड़ित महिला के पति सुनील मांझी ने बताया कि उसकी लड़की पढ़ी लिखी है. वह अपनी बेटी की शादी किसी अनपढ़ और क्रिमनल माइंडेड लड़के से कैसे करा देते. इसी को लेकर आरोपी ने विवाद खड़ा किया और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया.
घायल महिला की स्थिति नाजुक है. उसे चेहरे और सर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं. सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है.







.jpeg)












