छत्तीसगढ़ में बुलबुल से हो सकती है बारिश, आसमान में छाएंगे काले बादल, जाने बुलबुल क्या है
रायपुर । प्रदेश के मौसम में अगले 48 घंटे में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन 2-3 नवंबर से तस्वीर थोड़ी-थोड़ी बदलेगी, क्योंकि 'बुलबुल' सक्रिय हो रहा है। यह एक तूफान है, जो हिंद महासागर में बन रहा है। इस तूफान के 8-9 नवंबर को विशाखापट्टनम के समुद्री तट से टकराने का पूर्वानुमान है। इस तूफान का सबसे ज्यादा असर विशाखापट्टनम और पड़ोसी जिलों में होगा, लेकिन यह दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग को खासा प्रभावित करेगा। कितना, यह अभी मौसम विभाग स्पष्ट नहीं कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस तूफान के बारे में केंद्रीय मौसम विज्ञान विभाग नजरें जमाए हुए है। वह दो नवंबर के करीब तूफान को लेकर अलर्ट जारी करेगा।
जानकारी के मुताबिक अभी एक सायक्लोन,जिसे 'महा' नाम दिया गया है, वह अरब सागर में सक्रिय है। इसका कोई असर छत्तीसगढ़ में नहीं पड़ रहा है। इसके पीछे-पीछे ही 'बुलबुल' सक्रिय हो रहा है। बहरहाल रायपुर का मौसम साफ बना हुआ है।
सुबह से शाम तक धूप खिली रही, लेकिन शाम को बादलों ने डेरा जमा लिया। दिन रात के तापमान में अभी भी करीब 10 डिग्री का फर्क बना हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान यह भी है कि 2-3 नवंबर से तापमान में गिरावट दर्ज होगी।







.jpeg)












