ब्रेक फेल होने से 30 फीट की ऊंचाई से गिरी बस, 9 लोगों की मौत, 42 घायल, जाने कहा की है ये खबर
भुवनेश्वर | ओडिशा में गंजम जिले के पलुखेला में तप्तपानी घाटी के पास तड़के बुधवार को एक बस पलटने से नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 42 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के समय बस रायगाडा से बेरहमपुर जा रही थी। बताया जा रहा है कि आज तड़के तीन बजे बस का ब्रेक फेल हो गया और वाहनचालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहाना, संखेमुंडी, दिघाफंडी और बेरहमपुर से अग्निशमन दल के लगभग 50 लोग बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
दुर्घटना स्थल पर फिसलन होने के कारण अग्निशमन वाहनों को बचाव कार्य करने में दिक्कतें आ रही हैं। गैस कटर जैसे आधुनिक उपकरण का इस्तेमाल यात्रियों को बचाने के लिए किया जा रहा है। सभी घायलों को इलाज के लिए दिगापगडंडी अस्पताल,एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और बेरहमपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक कुछ यात्री बस में फंसे हुए हैं और उनको निकालने की कोशिश की जा रही है।
इस हादसे में बचे एक शख्स ने बताया कि बुधवार तड़के 3.30 बजे सड़क किनारे चाय पीने के बाद बस दोबारा खुली ही थी कि तभी चालक ने कहा कि ब्रेक फेल हो गया है। इसके तुरंत बाद बस पलट गई। पुलिस ने बताया कि बस करीब 30 फीट की ऊंचाई से गिरी। अभी मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कुछ यात्री अभी भी बस के नीचे फंसे हुए हैं। हम कुछ हाथ और पैर खिड़की से बाहर लटकते हुए देख सकते हैं।







.jpeg)












