तीन युवक से 113 लीटर महुआ शराब जब्त, अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई के दौरान किए गए गिरफ्तार
महासमुंद। सिंघोड़ा पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर शराब का अवैध परिवहन करने वालों को गिरफ्तार किया है । इनके पास से 113 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 22 हजार 600 रुपए आंकी गई है । पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है । थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू ने बताया कि शराब तस्करी करते हुए ग्राम कुसमीसरार चौकी बलौदा सरायपाली निवासी आतित जाम्हरे पिता माया (45), ग्राम बनोभाठा बलौदा सरायपाली निवासी किरण बरिहा पिता रामनाथ बरिहा (28) एवं कसडोल बलौदा निवासी मनबोध छत्तर पिता नुराधन छत्तर (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है । उन्होंने बताया कि ये तीनों अपनी-अपनी बाइक में शराब का अवैध परिवहन कर रहे थे । इसे अलग-अलग जगहों में घेराबंदी कर पकड़ा है ।
जानिए यहां पकड़े गए आरोपी
जानकारी के अनुसार ग्राम बनोभाठा बलौदा सरायपाली निवासी किरण बरिहा पिता रामनाथ बरिहा बाइक क्रमांक सीजी 05 ई 0635 से महुआ शराब का अवैध परिवहन कर रहा था, जिसे टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बांझीबहाल जाने वाली कच्ची सड़क सिंघोड़ा नाला ग्राम सिंघाड़ा के पास घेराबंदी कर पकड़ा । इसके पास ासे 80 लीटर महुआ शराब कीमत 16 हजार एवं तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त की । वहीं एनएच- 53 सिंघोडा चौक सिंघोड़ा के पास बाइक सवार मनबोध छत्तर को पकड़ा । इसके पास से 25 लीटर महुआ शराब जब्त किया । आरोपी अपने बाइक क्रमांक सीजी 06 जीजी 2694 में तस्करी कर रहा था । जब्त शराब की कीमत 5 हजार रुपए आंकी गई है । इसक अलावा टीम ने कुसमीसरार निवासी आतित जाम्हरे को भी बाइक क्रमांक सीजी 04 जीएल 6520 में महुआ शराब तस्करी करते हुए पकड़ा । इसके पास से 8 लीटर कीमत 1600 एवं बाइक बरामद की है ।




