राजधानी में पीलिया से अब तक 3 मौतें, 74 अभी भी भर्ती
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पीलिया का प्रभाव अभी तक कम नहीं हो पाया है। पीलिया से अब तक जहां 03 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 74 मरीज शासकीय और निजी अस्पतालों में भर्ती है, साथ ही अन्य 664 लोग पीलियाग्रस्त है जो अपना उपचार करा रहे है।
स्वास्थ्य विभाग ने आज पीलिया की साप्ताहिक रिपोर्ट जारी की है, जिसके अनुसार रायपुर में अब तक पीलिया परीक्षण हेतु 219 सत्रों का आयोजन किया गया है। इन सत्रों के दौरान 23132 घरों की संख्या का परीक्षण किया गया, जिसमें 3437 लोगों का रक्त परीक्षण किया जा चुका है। इनमें कुल 664 लोग वायरस हेपेटाइटिस मरीज पाये गये है। पीलियाग्रस्त मरीजों में अभी भी कुल 74 मरीज शासकीय एवं निजी अस्पतालों में भर्ती है, जिनमें 27 शासकीय एवं 47 मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती है। सभी का उपचार जारी है। पीलिया से अब तक शहर में 03 मरीज की मौत हो चुकी है।




