राज्य में सात नए कोरोना पीडि़त मरीजों के सामने आने के बाद अफसरों की बढ़ी परेशानी, कल पीएम मोदी देश के सभी सीएम से करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंस
रायपुर। कोरोना मुक्त राज्य की दिशा में सबसे आगे चल रहे छत्तीसगढ़ में अचानक गुरूवार दोपहर बाद सात नए मरीजों के सामने आने के बाद से ही शासन-प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। राज्य शासन ने कटघोरा इलाके के साथ ही आसपास के इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया है। वहीं कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ होने वाले वीडियो कान्फे्रसिंग में मुख्यमंत्री राज्य के हालातों के संबंध में जानकारी देंगे। इसके पश्चात 12 अपै्रल को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ ही आला अफसरों की एक बैठक लेने वाले हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य अब तक कोरोना संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के मामले में सबसे आगे चल रहा था। पूरे देश में एकलौता छत्तीसगढ़ राज्य ऐसा था जहां कोरोना संक्रमण से पीडि़त मरीज सबसे पहले स्वस्थ्य होकर अपने-अपने घर पहुंचे थे। राज्य शासन के मुखिया भूपेश बघेल भी कोरोना संक्रमण की रोकथाम और जरूरतमंदों तक हर संभव प्रयास पहुंचाने के लिए स्वयं फिल्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। 09 अपै्रल के दोपहर तक स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में नजर आ रही थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिस तरह से त्वरित कदम उठाते हुए तथा ठोस निर्णय लेकर कोरोना संक्रमण के खिलाफ अभियान संभाला हुआ है, इससे अभी भी राज्य में संक्रमण एक तरह से पूरी तरह से नियंत्रण में है। लेकिन अचानक कल दोपहर बाद कोरबा जिले के कटघोरा से सात नए मरीजों के सामने आने के बाद से ही हालात कुछ हद तक बिगड़ा है। हालांकि शासन-प्रशासन और एम्स के चिकित्सकों की माने तो इस बात के लिए पहले से ही तैयारी की गई है कि अचानक मरीजों की संख्या बढ़े तो इस स्थिति में क्या करना है? इस लिहाज से अभी भी हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। एम्स के चिकित्सकों ने भी दावा किया है कि राज्य में हालात नियंत्रण में है और मरीजों की संख्या यदि अचानक बढ़ती भी है तो इसके लिए भी पूरी तैयारी की गई है। एम्स के अलावा आंबेडकर अस्पताल में भी कोरोना संक्रमण से निपटने युद्ध स्तर पर तैयारी पूरी की जा चुकी है। इधर 14 अपै्रल को देशभर में 21 दिनों के लिए जारी लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने वाली है। इसके पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो कान्फे्रंस कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने वाले हैं। जानकारों की माने तो पीएम श्री मोदी सभी सीएम से उनके राज्यों की हालात, प्रभावित जिलों की संख्या, कोरोना पीडि़त मरीजों की संख्या, क्वारंटाईन में रखे गए लोगों की संख्या, उपचार सुविधा आदि को लेकर जानकारी लेंगे। इसके बाद ही लॉकडाउन को खत्म करने अथवा आगे बढ़ाने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पीएम मोदी से होने वाले वीडियो कान्फे्रंस के बाद 12 अपै्रल को मंत्रिमंडल के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों की बैठक लेंगे।




