छत्तीसगढ़ में अगले कुछ घंटों के लिए जारी हुआ अलर्ट : गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ में पिछले सप्ताह बरसात के ओवरडोज के बाद मानसून का सिस्टम सुस्त पड़ गया था। वह आज फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार घंटों में बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में भारी बरसात की संभावना जताई है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की बात भी कही जा रही है।
प्रदेश के आसमान पर शनिवार से बादल छाए हुए हैं। हवाएं ठंडी हैं। रायपुर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़े हैं। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बरसात और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके मुताबिक अगले चार घंटों में बस्तर संभाग के सभी जिलों और उससे लगे कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहां भारी बरसात भी हो सकती है। बिलासपुर, मुंगेली, कोरिया और सूरजपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भी बिजली गिर सकती है। इन एक-दो स्थानों पर भारी बरसात की संभावना भी बनी हुई है।




