भारतीय जनता पार्टी जिला रायपुर ने आज दतरेंगा धान खरीदी केंद्र में लगाई किसान पंचायत
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला रायपुर ने आज जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी व पूर्व विधायक नंदे साहू के नेतृत्व में रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दतरेंगा धान खरीदी केंद्र में किसान पंचायत लगाई। उन्होंने किसानों को केंद्र सरकार द्वारा लाई गई तीन कृषि बिल के बारे में विस्तार से जानकारी दी । बिल के प्रावधानों को जानकर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की वहीं इसे किसान हित में बताते हुए मोदी सरकार को धन्यवाद दिया।
जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी व भाजपा नेता नंदे साहू ने दतरेंगा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया व धान बेचने आए किसानों से धान बेचने में आने वाली परेशानियों के बारे में चर्चा की । किसानों ने एक माह देर से धान खरीदी किये पर सूखत की शिकायत करते हुए कहा कि खरीदी केंद्र में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। गिरदावरी रिपोर्ट में गड़बड़ी के कारण कई किसान मिले जिनका पिछले वर्ष से रकबा वही होने के बावजूद धान आधा खरीदा जा रहा है। भाजपा नेताओं ने व्यवस्थापक से चर्चा कर व्यवस्थाएं सुधारने का निर्देश दिया व सरकार से धान खरीदी केंद्र की अव्यवस्थाएं सुधारने व पर्याप्त संख्या में बारदाने की व्यवस्था करने मांग की। कार्यक्रम में भाजपा नेता वंदना सिन्हा, मोहन होतवानी, कुशाल गिरी गोस्वामी भी उपस्थित थे।




