बड़ी खबर: कोविड-19: तीन पॉजीटिव केस आने के बाद पुरानीबस्ती थाना हुआ सील
रायपुर। राजधानी में कोविड-19 अब लगातार पांव पसार रहा है। इसी क्रम में शहर के पुरानीबस्ती थाना को भी सील कर दिया गया है। थाना प्रभारी के निकटतम तीन परिजनों के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से यह कदम उठाया गया है।

सूत्रों ने बताया कि पुरानीबस्ती थाना प्रभारी के पिता के साथ ही सास-ससुर बाहर से आए थे। इनके संपर्क में स्वयं टीआई भी आए थे और टीआई के संपर्क में कई लोग आ गए थे। इन तीनों की जब कोरोना टेस्ट कराया गया तो इनका रिपोर्ट पॉजीटिव आया। इसके बाद से ही पुरानीबस्ती थाने को सील कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से थाना परिसर को पूरी तरह से सेनेटाइज किया जा रहा है। वहीं थाने का संपूर्ण कामकाज निकटतम थाना टिकरापारा में स्थानांतरित कर दिया गया है। ज्ञात हो कि इसके पूर्व भी मंदिर हसौद थाने में इसी तरह से कोरोना पॉजीटिव केस सामने आने के बाद थाना को पूरी तरह से सील कर दिया गया था। शहर में कोरोना ने अब विकराल रूप धारण करना शुरू कर दिया है। बहरहाल जितने कोरोना पॉजीटिव केस अब सामने आ रहे हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बीमारी ने अब उग्र रूप धारण कर लिया है।




