बीजेपी-कांग्रेस के पार्षदों ने मिलकर हल्ला बोला, जानिए क्या है मामला
रायगढ़ । विधानसभा की महत्वपूर्ण जगह सरिया नगर पंचायत में इन दिनों बिजली की समस्या से बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। रोजाना बिजली की अघोषित कटौती का सामना लोगों को नगर पंचायत क्षेत्र में करना पड़ रहा है। ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा, जब विद्युत की कटौती ना हो। ऐसी स्थिति कई बार बिना आंधी पानी के भी कटौती हो जाती है। वहीं जब आंधी–पानी की शुरुआत होती है तो इसके साथ ही बिजली भी चली जाती है। विद्युत वितरण विभाग की इस तरह की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है। नगर में यदि कहीं फाल्ट हो जाए तो सुधार करने में भी लापरवाही बढ़ती जाती है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज नगर पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, उपाध्यक्ष अरुण सराफ सहित कांग्रेस भाजपा के पार्षद के साथ गणमान्य नागरिकों ने विद्युत विभाग कार्यालय सरिया में पहुंचकर नाराजगी जताई और यहां पदस्थ अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि अघोषित विद्युत कटौती के कारण नगर में पेयजल की समस्या उत्पन्न होती है। नगर पंचायत हर संभव प्रयास रहता है कि नगर में मूलभूत समस्याओं को दूर किया जाए। नगर के लगभग सभी वार्डों में पेयजल की सुचारू व्यवस्था की गई है, लेकिन अघोषित विद्युत कटौती के कारण पेयजल व्यवस्था भी चरमरा जाती है। ऐसे में लोगों का गुस्सा होना स्वाभाविक है। विद्युत उपभोक्ताओं का कहना है कि विद्युत विभाग विद्युत आपूर्ति 24 घंटे रहने के नाम पर बराबर राशि वसूल रही है लेकिन उनके सेवा कार्य में घोर लापरवाही की जा रही है। उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, उपाध्यक्ष अरुण सराफ, पार्षद और कांग्रेस नेता शरद यादव, पार्षद मोती स्वर्णकार, पार्षद राजेश शराप, पार्षद बोधराम सिदार, पार्षद नरेश सिदार, पार्षद शत्रुघ्न प्रधान, पार्षद सत्यवान मनहर सहित पार्षद के साथ अन्य लोगों ने विद्युत विभाग सरिया के प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है।




