पूर्ण शराब बंदी की मांग को लेकर भाजपा ने डॉ.रमन सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
रायपुर। महामारी कोविड-19 से निपटने एवं पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर भाजपा ने आज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन। ज्ञापन सौंपने के दौरान नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पार्टी के अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमोहन अग्रवाल, वरिष्ठ नेत्री सरोज पाण्डेय, विधायक कुरूद एवं पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर शामिल थे। सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर चुनाव के दौरान पूर्ण शराबबंदी के वायदे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री को निर्देश देने के राज्यपाल से मांग की है साथ ही लाकडाउन के दौरान 18 महीने के कार्यकाल में शराब की होम डिलिवरी पर गहरी आपत्ति दर्ज कराई है। ज्ञापन में भाजपा ने प्रदेश के लाखों श्रमिकों के अन्य राज्यों में ठोकरें खाने का उल्लेख करते हुए उन्हें वापस लाने में राज्य सरकार की रूचि नहीं होने का उल्लेख किया है। विपक्ष की आवाज अनसुना करने वाली कांग्रेस सत्ता में आते ही प्रदेश के बाहर फंसे मजदूरों को गृहराज्य में वापस लाने में विफल रही है। इसके साथ ही ज्ञापन में किसानों की समस्या, धान खरीदी, महामारी कोविद-19 से निपटने के तौर तरीकों, व्यवस्था आदि पर राज्यपाल से समीक्षा करने की मांग की है। साथ ही प्रदेश सरकार को कोरोना मरीजों के लिए किए गए इंतजाम की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।




