आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आज परिवहन मंत्री से मिलेंगे बस मालिक, राज्य में बस सेवा फिलहाल है बंद
रायपुर। अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर बस संचालक-मालिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक पंडरी बस स्टैण्ड में चल रही है। बैठक पश्चात एक प्रतिनिधि मंडल सीधे परिवहन मंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे। इसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि राज्य में फिर से बस सेवा प्रारंभ होगी अथवा नहीं।
राज्य सरकार के आश्वासन पर पिछले लॉकडाउन के बाद बस मालिकों ने बसें संचालित करनी शुरू कर दी थी। लेकिन 15-16 दिन बस चलने के बाद फिर से हालात बिगड़े और बस सेवा पुन: बंद करनी पड़ी। इस दौरान बस मालिकों ने कहा कि उनसे पूरे माह का टैक्स मांगा जा रहा है। जबकि लॉकडाउन और कोराना संक्रमण के चलते इतने अधिक सख्त नियम बनाए गए थे कि बसों में क्षमता से आधी सवारी ही मिल पा रहे थे। इसके बाद जिले में फिर से लॉकडाउन लग गया और बसें स्टैण्ड में खड़ी हो गई। बस मालिकों ने इस बार अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर बसों के पहिए रोक दिए हैं। बताया जाता है कि आज पंडरी बस स्टैण्ड में अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर बस मालिकों की एक बैठक चल रही है। इसके बाद बस मालिक संघ और छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के एक संयुक्त प्रतिनिधि मंडल सीधे राज्य के परिवहन मंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे। परिवहन मंत्री से होने वाली चर्चा पर अब सबकी निगाह टिकी हुई है। यदि यह बैठक सार्थक रहती है और राज्य सरकार कुछ मांगों को पूरा करती है तो संभवत: फिर से बस सेवा प्रारंभ हो जाएगी।




