स्टीयरिंग कंट्रोलर खराब होने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, बस सवार पांच घायल
महासमुंद। एनएच 53 में सरायपाली से महासमुंद की ओर आ रही बस पिथौरा में ग्राम टेका पुल के पास स्टीयेरिंग कंट्रोलर खराब होने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे बस में सवार पांच घायल हो गए। जिनमें तीन को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रिफर किया गया है।
पिथौरा पुलिस से घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक सांई ट्रैव्लस की बस क्रमांक सीजी 04 इ1832 सरायपाली से सवारी लेकर महासमुंद की ओर आ रही थी। सुबह करीब 9 बजे ग्राम टेका मंदिर के पास पहुंचने के दौरान बस का स्टीयरिंग कंट्रोलर अचानक खराब हो गया। जिससे बस अनियंत्रित हो गई। बस कुछ दूर जाकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इससे बस में सवार पांच घायल हो गए। सभी को डायल 112 और संजीवनी 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा लाया गया। इसमें सीतापुर निवासी नंदनी प्रधान और कोमाखान निवासी पुरन निषाद और शहीदा बेगम को अधिक चोट लगने और स्थिति गंभीर होने पर उपचार के लिए रायपुर रिफर किया गया है। वहीं सवार दो लोग और चालक-परिचालक को मामूली चोट होने पर उपचार के बाद छुट्टी दे गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में बस चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अनलॉक होने के बाद जिलेभर में सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है।




