पश्चिम की गर्म-शुष्क हवा से भट्ठी की तरह तप रहा छत्तीसगढ़, पारा पहुंचा 45 के पार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के असर से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। पारा 45 के पार पहुंच गया है और हाल-फिलहाल में भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार भी नजर नहीं आ रहा है।
छत्तीसगढ़ में इस समय उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म-शुष्क हवा आने का क्रम जारी है। यही वजह है कि विगत एक सप्ताह से छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना भीषण रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 45 डिग्री के पार हो गया है। वहीं रात में भी गर्मी से लोग बेचैन नजर आ रहे हैं। शहर में सुबह 10 बजे से ही सड़कें सूनी होने लगी है। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग अपने-अपने घरों से अथवा कार्यालयों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं शहर के जलाशयों में भी जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है। शहर के कई इलाकों में पेयजल की किल्लत भी शुरू हो गई है। नलों की धार जहां पतली हो गई है तो वहीं बोरवेल आदि भी सूखने लगा है। मौसम विभाग की माने तो अभी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। एक माहांत के बाद ही कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून भी अपने निर्धारित समय से ही प्रदेश में दस्तक देगा। इस लिहाज से देखें तो मानसून की ठंडी फुहार के लिए अभी प्रदेशवासियों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा। इधर राजधानी रायपुर के साथ ही प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी अधिकतम तापमान का आंकड़ा तेजी से ऊपर चढ़ रहा है।




