कोरोना: छत्तीसगढ़ में बिगड़ते जा रहे हालात, मौतों का आकड़ा 34 पहुंचा, 1949 एक्टिव केस
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के संक्रमण बढऩे के साथ प्रदेश में भी अब हालात और तेजी से बिगड़ते जा रहे है। गुरूवार को रिकार्ड 371 नये संक्रमित मरीज मिले है, वहीं 05 लोगों की मौत भी हुई है। जिसके बाद प्रदेश में मौतों का आकड़ा बढ़कर जहां 34 पहुंच गई है, वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या भी 1949 हो गई है।
ज्ञात हो कि 23 जुलाई को कोरोना वायरस से संक्रमित 371 नये मामले सामने आये, जिसके बाद प्रदेश में अब तक संक्रमितों का आकड़ा बढ़कर 6370 पहुंच गया है। नये मरीजों में सर्वाधिक मरीज रायपुर जिले में मिले है। यहां बीते दिन कुल 205 मरीज मिले है, जिसे मिलाकर जिले में अभी तक कोरोना संक्रमित मरीजों के कुल 1607 मामले सामने आ चुके है, जिनमें से 715 मरीज स्वस्थ हो चुके है, वहीं 14 मरीजों की मौत हुई है। इनमें 04 मरीजों की बीते दिन ही मौत हुई है। जिले में नये मरीजों के मिलने व मौतों के साथ-साथ 18 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है। जिसके बाद रायपुर जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 878 है।
इधर पूरे प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमित हुए 6370 मरीजों में से 4387 लोग स्वस्थ हो चुके है, जबकि 34 लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 1847 है। इन सभी मरीजों का उपचार जारी है।
बीते दिन मिले मरीजों में क्रमश: जिला रायपुर से 205, कबीरधाम 34, कांकेर 21, राजनांदगांव 23, मुंगेली 16, जांजगीर-चांपा 12, बस्तर-सरगुजा-10-10, बिलासपुर 08, दुर्ग 06, नारायणपुर व गरियाबंद 04-04, कोरिया-महासमुंद 03-03, जशपुर 02, बालोद, धमतरी, बलौदाबाजार, कोण्डागांव, बीजापुर व दंतेवाड़ा जिले से 01-01 मरीज मिले है। हालांकि आज प्रदेश में पूर्व में संक्रमित हुए मरीजों में से 147 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है।
इधर कोरोना से प्रदेश में मरने वालों की संख्या में और 05 वृद्धि हुई है। जिन लोगों की मौत हुई उनमें 28 वर्षीय भिलाई बीएसएफ का एक जवान भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जवान पूर्व से ही निमोनिया व रेस्पेरेटरी डिस्ट्रेस होने के कारण राजधानी रायपुर स्थित अंबेडकर अस्पताल में भर्ती था कालांतर में कोरोना पॉजीटिव पाये गये थे, वहीं अन्य जिन 04 लोगों की मौत हुई है सभी रायपुर जिले के रहने वाले है। इनमें दो मरीज वृद्ध एवं दो अधेड़ शामिल है। चारों मरीज अन्य बीमारियों से भी पीडि़त थे। इन मौतों के बाद प्रदेश में महामारी से मौतों का आकड़ा बढ़कर 34 पहुंच गया है। इस तरह प्रदेश में आज नये मरीजों के मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 1847 है।




