कोरोना महामारी के लिए विधानसभा सचिवालय में कंट्रोल रूम की स्थापना
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिवालय में कोरोना महामारी के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। विधानसभा सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार गत 21 अप्रैल को लोकसभा अध्यक्ष ओम प्रकाश बिरला की राज्य विधान मंडलों के पीठासीन अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान लिये गये निर्णय के अनुसार लोकसभा सचिवालय में सांसदों, विधायकों के प्रयासों में समन्वय एवं सहयोग करने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य सांसदों, विधायकों और आम जनता के बीच शीघ्र संपर्क स्थापित करने में मदद करना है।
विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत के निर्देशानुसार विधानसभा सचिवालय में भी एक नियंत्रण कक्ष स्भापित किया गया है जिसके प्रभारी अधिकारी अपर सचिव जीएस मूर्ति होंगे।
इस नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली समस्याओं को उनके निकरारण में समन्वय एवं सहयोग हेतु संबंधित राज्य की विधानसभाओं में स्थापित नियंत्रण कक्ष को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा जायेगा तथा अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ से संबंधित प्राप्त होने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु राज्य शासन के संबंधित विभागों, जिलाधीश को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा जायेगा एवं समस्याओं के निराकरण हेतु पहल की जायेगी।




