मामूली बात पर पिता-पुत्र पर हथौड़ी से हमला, युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
रायपुर। राजधानी से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीरोदा में मामूली बात पर विवाद कर मोटरसायकल सवार अज्ञात दो युवको ने पिता-पुत्र पर हथौड़ी से हमला कर घायल कर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सलोनी मुजगहन निवासी प्रदीप टण्डन 10 अगस्त को रात 7.30 बजे अपने पिता संतराम टंडन के साथ मोटरसायकल से जा रहा था। इसी दौरान ग्राम बीरोदा के पास उसकी मोटरसायकल का दूसरी मोटरसायकल क्रमांक एमएन8168 के साथ हल्की टक्कर हो गई।
इस बात पर आरोपी मोटरसायकल सवार दो अज्ञात युवको ने प्रार्थी एवं उसके पिता से विवाद कर हथौड़ी से उन पर हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोट आई है। घटना के बाद आरोपी दोनों युवक फरार हो गए। इधर घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 294, 506 बी, 323, 34 के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।




