बजाज फाइनेंस कंपनी से 15 लाख का लोन दिलाने के नाम पर हुई ठगी, मामला दर्ज
रायपुर। गृह निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आम लोगों द्वारा लोन लेकर आसान किस्त पटाने की सुविधा के चलते गृह निर्माण का कार्य एवं अन्य कार्य किया जाता है किंतु कभी कभी धोखाधड़ी करने वाले बड़ी फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोन दिलाने के नाम पर खुलेआम ठगी करते हैं। पुरानी बस्ती थाने से मिली जानकारी के अनुसार वर्षा धनकर आयु 21 वर्ष पिता स्वर्गीय दयालू धनकर निवासी कैलाशपुरी ढाल बाजार के सामने ने एक दैनिक समाचार पत्र में विज्ञापन देखकर विज्ञापनदाता आरोपी के मोबाइल नंबर पर फोन कर गृह निर्माण के लिए लोन लेने की इच्छा जाहिर की जिस पर अज्ञात मोबाइल फोन धारक द्वारा प्रार्थियां को बजाज फाइनेंस कंपनी के नाम पर 15 लाख रुपये का होम लोन दिलाने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस एवं अन्य खर्च के लिए बताये गये बैंक खाते में आरटीजीएस के जरिए 55 हजार रुपये तीन बार में आहरित कर प्रार्थिया के साथ धोखाधड़ी की। उक्त मामले में पुरानी बस्ती थाने ने आरोपी मोबाइल धारक के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला कायम किया है।




