आज अनंत चतुदर्शी: सुबह से ही राजधानी में गणपति विसर्जन का सिलसिला जारी, खारून नदी तट पहुंचे भक्त
रायपुर। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश उत्सव के अंतिम दिवस अनंत चतुर्दशी के शुभ अवसर पर सार्वजनिक स्थानों एवं घरों में विराजे गणपति महाराज के विसर्जन का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है। कोरोना काल के चलते इस वर्ष गणेश उत्सव फीका रहा। बावजूद इसके भक्तगणों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। सुबह से ही भक्त गणपति देव का विधिविधान से पूजन कर खारून तट की ओर रवाना हुए।
इस वर्ष जमकर बारिश होने के कारण खारून नदी लबालब है। वहीं खारून तट पर नाविकों द्वारा भक्तगणों को बीच नदी स्थल पर गणपति विसर्जन के लिए नाव में सवार कर ले जाया जा रहा है। भक्तगण गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ का जयघोष करते हुए विधिविधान से पूजन कर पूरे प्रदेश की खुशहाली के लिए मंगल कामना करते हुए गजानन महाराज से जल्द से जल्द कोरोना मुक्त जीवन की कामना के लिए वरदान मांग रहे हैं।




