पान मसाला व्यवसायी के गोदाम से गुटखा, सिगरेट जब्त, 80 व्यापारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई
महासमुंद। प्रतिबंध के बाद भी शहर में जारी गुटका, पान-मसाला और सिगरेट की बिक्री की खबर के बाद आज सुबह एसडीएम और पुलिस की संयुक्त टीम ने गंजपारा स्थित मनभावन पान-मसाला व्यावसायी सहित बिना अनुमति दुकान संचालन करने वालों पर भी कार्रवाई कर करीब 30 हजार रुपए अर्थदंड किया।
सुबह एसडीएम सुनील चंद्रवंशी, एसडीओपी नारद सूर्यवंशी, नायब तहसीलदार उनकी टीम ने यहां गंजपारा स्थित व्यवसायी के निवास पर दबिश दी। इस दौरान टीम के सदस्यों ने घर के अंदर बने चार दुकाननुमा गोदाम में छापा मारा और वहां रखे विभिन्न कंपनियोंं के गुटखे, पान मसाला, सिगरेट आदि जब्त किया। एसडीएम के निर्देश पर अमले ने गोदाम की प्रत्येक बोरियों की जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने चार गोदामों से करीब एक ट्रैक्टर सामान जब्त किया। बता दें कि जिला प्रशासन ने शासन के निर्देश पर लॉकडाउन के दौरान गुटका, पान-मसाला और सिगरेट जैसी नशे की वस्तुओं की बिक्री पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया है। इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ये सामान किए गए जब्त-
नायब तहसीलदार ने बताया कि पान पराग प्रीमियम 4, राजश्री 3, बीड़ी पत्ती 15 किलो, सचिन गुटखा 5 छोटी और 5 बड़ी बोरी, बीड़ी 8 पैकेट, मिराज तम्बाकू5 किलो, चूना 5 किलो, बाबा बीड़ी पत्ती 22 कार्टून, रजनीगंधा 1 पुड़ा, पान बहार 65 पैकेट और 1 पैकेट सिगरेट जब्त किया गया है।
25 हजार रुपए जुर्माना और 188 के तहत होगा मामला दर्ज-
इस संबंध में एसडीएम सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि मामले में पान-मसाला व्यापारी के खिलाफ एपेडमिक एक्ट 1997 के तहत प्रतिबंधित सामानों की खरीदी-बिक्री पर कार्रवाई की जाएगी। संचालक से 25 हजार जुर्माना वसूल किया जाएगा और थाने में उनके खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
अन्य दुकानों पर भी की कार्रवाई-
एसडीएम ने शहर में बिना अनुमति के खुलने वाली दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। बाजार वार्ड में राम ट्रेडर्स और स्वामी चौक के अलावा करीब चार दुकानों पर चालानी कार्रवाई की।
इसी कड़ी में एक और खबर सामने आ रही है प्रशासन की टीम ने सुबह से दोपहर तक शहर का जायजा लिया। इस दौरान बिना अनुमति दुकान खोलने वाले व्यापारियों को दुकान बंद करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बार-बार समझाइश देने के बाद भी दुकान खोलने वाले व्यापारियों पर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कोई व्यापारी पासबुक रखे होने तो कोई दवा भूल जाने का बहाना करते रहे, लेकिन एसडीएम ने किसी की नहीं सुनी। एसडीएम सुनील कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि बार-बार समझाइश के बावजूद व्यापारी दुकानें खोलकर व्यापार कर रहे हैं। यह काफी खतरनाक हो सकता है। इसलिए आज प्रशासन की टीम ने बगैर अनुमति दुकान खोलने वाले व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। बुधवार को 4 व्यापारियों से 7 हजार रुपए जुर्माना भी वसूला गया। एसडीएम ने बताया कि अब रोजाना इसी तरह कड़ाई से कार्रवाई की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार लॉकडाउन के बाद से अब तक महासमुंद शहर में 80 व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई लॉकडाउन के नियमों को तोडऩे के संबंध में की गई है। इसलिए इनके खिलाफ जुर्माना वसूला गया है। इन 80 व्यापारियों से अब तक 1.35 लाख रुपए की राशि जुर्माना के रूप में वसूल की गई है।




