सुकमा मुठभेड़ में कितने नक्सली हुए ढेर जल्द होगा खुलासा
रायपुर। सुकमा में नक्सली और पुलिस फोर्स के बीच हुई मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद डीजीपी डीएम अवस्थी ने कहा कि इस मुठभेड़ में काफी संख्या में नक्सली भी मारे गए हैं, जानकारी एकत्रित की जा रही है जल्द ही मारे गए नक्सलियों की संख्या सामने आ जाएगी।
शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद सभी आला अधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ बैठक में चले गए। इस बैठक में अब आगे के लिए नई रणनीति भी बनाई जा सकती है। डीजीपी श्री अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कह चुके हैं कि किसी भी कीमत पर नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान घायल जवानों से भी जानकारी मिली है कि फायरिंग में नक्सली भी मारे गए हैं। कितने नक्सली मारे गए हैं, इसका आंकड़ा जुटाया जा रहा है, जल्द ही मृत नक्सलियों की जानकारी सामने आ जाएगी।




