पीलिया-गंदे पानी की शिकायत: विधायक विकास उपाध्याय ने समता-चौबे कालोनी का किया निरीक्षण
रायपुर। कोरोना संक्रमण के चलते देशभर में जारी लॉकडाउन के बीच शहर में तेजी से पैर पसार रही पीलिया की रोकथाम के लिए रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के समता कालोनी और चौबे कालोनी का निरीक्षण किया और यहां की पाईप लाइन मरम्मत के कार्य को जल्द पूर्ण करने निर्देशित किया।
शहर के कुछ इलाकों में इन दिनों नलों से गंदा पानी आने की शिकायत लगातार मिल रही है। यही नहीं नलों से आ रहे गंदे और बदबूदार पानी से लोग बेहाल हो उठे हैं। इस बात की शिकायत मिलते ही विधायक उपाध्याय ने क्षेत्र के समता कालोनी और चौबे कालोनी का निरीक्षण किया और यहां के निवासियों से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। विधायक उपाध्याय ने मौके पर ही निगम अफसरों से बात की और पानी सप्लाई लाइन को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उपाध्याय ने संबंधित जोन कमिश्नर से भी चर्चा की और जनता की समस्या का त्वरित निराकरण करने कहा। विधायक उपाध्याय ने वार्ड के अंतर्गत होने वाले साफ-सफाई के कार्य का भी जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पीलिया से प्रभावित निगम कॉलोनी, आमापारा के आर.डी. तिवारी स्कूल में पीने के साफ पानी के लिए स्वयं खड़े होकर बोर खनन भी करवाया।
डीआरएम से मुलाकात कर वेंडरहित में की चर्चा-
विधायक उपाध्याय ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर डीआरएम से भी मुलाकात की। उपाध्याय ने रेलवे के अंतर्गत कार्य करने वाले वेंडर से सम्बंधित समस्या को लेकर डीआरएम से चर्चा की। विधायक श्री उपाध्याय ने कहा कि काफी लंबे समय से ये वेंडर रेलवे में कार्य कर रहे है, लेकिन अभी किसी कारणवश उनके टेंडर के निरस्त होने की स्थिति निर्मित हो रही हैं। वेंडर के इन्ही समस्याओं को लेकर उन्होंने डीआरएम से समस्या के निदान हेतु चर्चा करते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन ऐसी व्यवस्था करे ताकि वेंडरों की आजीविका पर भी कोई असर न पड़े।




