जूनियर डॉक्टर ने की फांसी लगाकर आत्महत्या, परिजनों ने लगाया रैगिंग का आरोप
जबलपुर। जबलपुर में एक जूनियर डॉक्टर का शव हॉस्टल में उसके कमरे के पंखे से लटका मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। जूनियर डॉक्टर भागवत देवांगन नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के पीजी ऑर्थो प्रथम वर्ष का छात्र था वह कुछ दिन पहले ही 1 महीने की छुट्टी के बाद वापस आया था। परिजनों का आरोप है कॉलेज में रैगिंग की जाती थी जिससे परेशांन था।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक भागवत देवांगन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर चांपा का रहने वाला था उसने तीन-चार महीने पहले ही जबलपुर मेडिकल कॉलेज पीजी ऑर्थो में एडमिशन लिया था जिसके बाद बीते 1 महीने की लंबी छुट्टी पर चला गया था।
बताया जा रहा है कि जूनियर डॉक्टर भागवत के साथियों ने जब उसे काफी देर तक कमरे से बाहर निकलते हुए नहीं देखा तो उन्हें शक हुआ। जिसके बाद उन्होंने उसका दरवाजा खुलवाने के लिए उसे आवाज लगाई। जब देर तक जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना देकर कमरा खुलवाया गया जहां डॉक्टर फांसी पर लटका हुआ मिला। शव के पास से कोई सुराग या कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।




