लॉकडाउन: शहर के एक चिकन सेंटर को किया गया सील, पुलिस ने जब्ती की प्रतिबंधित सामग्री
महासमुंद। साप्ताहिक लॉकडाउन के दौरान प्रशासनिक अमले ने जहां दो दुकानों पर कार्रवाई की वहीं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस ने भी शहर में प्रतिबंधित सामग्री परिवहन करते हुए तीन लोगों को पकड़ा। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह नायब तहसीलदार देवेन्द्र नेताम लॉकडाउन की स्थिति का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गंजपारा रोड में चिकन दुकान खुली मिली जिस पर दुकान सील की कार्रवाई की गई। वहीं बाजार वार्ड में एक किराना दुकान पर चालानी कार्रवाई कर संचालक से दो हजार रूपए का जुर्माना वसूल किया गया। इधर, शनिवार देर शाम तुमगांव रेलवे क्रासिंग के पास दो युवकों को अवैध रूप से प्रतिबंधित सामग्री गुटखा, तम्बाकू और गुड़ाखु का परिवहन करते हुए पकड़ा। मामले में पुलिस ने युवकों के साथ दुकान संचालक को पकड़ा। थाना प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि शहर निवासी महेश कुकरेजा, खरोरा निवासी धनीराम दीवान और पतेरापाली निवासी सालिक राम विश्वकर्मा को पकड़ा है। तीनों से कुल 75 हजार रूपए की प्रतिबंधित सामग्री और बिक्री की रकम 18070 रूपए, एक बाइक जब्त कर धारा 188, 269, 270, 34 व महामारी अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई की जा रही है।




