प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पांच दिन से लापता थे दोनों
कोरबा। प्रेमी जोड़े ने पेड़ में एक साथ फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। प्रेमिका की चुनरी को फंदा बना कर दोनों एक साथ लटक गए। पांच दिन से लापता जोड़े की तलाश में लगे परिजनों ने ही सबसे पहले शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दिए।
मोरगा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरोपाल में रहने वाले शक्तिसाय धनुहार 18 और गांव की ही लक्ष्मी गोंड़ 17 के बीच प्रेम संबंध काफी दिनों से चल रहा था। पुलिस की मानें तो इसकी भनक परिजनों को भी लग गई थी। अंतरजातीय होने के चलते विवाह को लेकर पारिवारिक रोड़ा था। इसे लेकर प्रेमी जोड़ा काफी चिंतित थे। बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल की सुबह घर में किसी को बिना कुछ बताए दोनों एक साथ लापता हो गए। दोनों के परिवार को यह अंदेशा था कि दोनों ही एक साथ कहीं चले गए हैं। यही वजह है कि पांच दिन गुजर जाने के बाद भी इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी। सोमवार की शाम को लक्ष्मी के पिता संतराम गोंड़ अपने कुछ अन्य परिजनों के साथ उसकी तलाश में जंगल में भटक रहे थे, तब एक तेंदू पेड़ में दुपट्टे में लक्ष्मी और शक्तिसाय की लाश फंदे में लटकते देखे। मोरगा पुलिस चौकी में इस घटना की सूचना दी गई, रात हो जाने के कारण मंगलवार को पुलिस घटना स्थल पहुंची। पंचनामा कार्रवाई करने के बाद शव को पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया। माना जा रहा है कि विवाह में आ रहे अड़़ंगे से प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली। हालांकि लक्ष्मी नाबालिग थी, इसलिए विवाह संभव नहीं था।




