विधायक विकास उपाध्याय का अधिकारियों को दो टूक: 24 घंटे में पाईप लाइन करें दुरूस्त
रायपुर। तेलघानी नाका अंडरब्रिज निर्माण के दौरान कल मुख्य पाईप लाइन (राइजिंग लाइन) क्षतिग्रस्त हो गया हैं, जिसके कारण आस-पास के क्षेत्र में कल और आज जलापूर्ति नहीं हो सका। क्षेत्रीय विधायक विकास उपाध्याय ने कल और आज स्वयं जाकर स्थिति का जायजा लिया, विधायक महोदय के साथ लोनिवि, पीएचई, स्मार्ट सिटी, अमृत मिशन और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित थे। विधायक उपाध्याय नेे आरएनएस को बताया कि अंडरब्रिज निर्माण के दौरान कल मुख्य पाईप लाइन (राइजिंग लाइन) क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण रायपुर पश्चिम विधानसभा के संत रामदास वार्ड और सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड समेत अन्य क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही हैं। विधायक उपाध्याय कहा कि राइजिंग लाइन मरम्मत के कार्य में हो रही देरी को देख कर सम्बन्धित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी गई। लोनिवि और नगर निगम के अधिकारियों के कार्यप्रणाली से खासे नाराज नजऱ आये विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधितों को फटकार लगाते हुए 24 घण्टे के भीतर राइजिंग लाइन के कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान विधायक उपाध्याय के साथ पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्रीकुमार मेनन, सुंदर जोगी, ज़ोन अध्यक्ष मनीराम साहू, क्षेत्रीय पार्षद भोलाराम साहू आदि उपस्थित थे।




