अग्रसेन महाविद्यालय में आयोजित ऑनलाइन रंगोली में निशा प्रथम, ललिता द्वितीय
रायपुर। अग्रसेन महाविद्यालय पुरानी बस्ती से आज ऑनलाइन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने अपने घर पर रहते हुए बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों ने राधा-कृष्ण, माँ की गोद में बाल-गणेश सहित महिला उत्पीडन और क्रिसमस के साथ सांताक्लाज की थीम पर आधारित बहुत ही सुन्दर और आकर्षक रंगोली बनाई। महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी के अग्रवाल और एडमिनिस्ट्रेटर अमित अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की मुक्त-कंठ से सराहना की। रंगोली में रंगों के संयोजन और विषय की प्रस्तुति के आधार पर निशा विश्वकर्मा (बी.काम.-द्वितीय) ने पहला और ललिता आनन्द (बीए जेएमसी- प्रथम सेमेस्टर) को दूसरा स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत ने बताया कि इस ऑनलाइन प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच उनकी रचनात्मकता को बनाए रखना और उसमें नई सृजनशीलता विकसित करना है। इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ई- सर्टिफिकेट जारी किया गया। वहीं प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस आयोजन की अगली कड़ी में 21 दिसंबर को चित्रकला 23 दिसंबर को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।




