पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाईन आवेदन करने की तारीखों में बढोतरी, जाने अब कब तक कर सकते है आवेदन
रायपुर। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले जिले के विद्यार्थियों से शिक्षा सत्र 2020-21 के लिए ऑनलाईन आवेदन की जा रही है। इसके तहत विद्यार्थियों के पंजीयन व संस्थाओं को प्रस्ताव-स्वीकृति लॉक करने के लिए विभाग ने तिथि वृद्धि कर वर्ष 2020-21 में तिथि निर्धारित की गई है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक विद्यार्थी के लिए ऑनलाईन आवेदन अब 10 जनवरी तक तय की गई है। इसी तरह एक से 15 जनवरी तक ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक करने और सेंक्शन ऑर्डर लॉक करने की तिथि निर्धारित की गई है। ज्ञात हो कि निर्धारित तिथियों के बाद शिक्षा सत्र 2020-21 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन स्वीकृत नहीं किए जाएंगे। साथ ही ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक या सेंक्शन ऑर्डर लॉक करने का अवसर भी प्रदाय नहीं किया जाएगा।
सहायक आयुक्त ने संबंधित प्राचार्य, संस्था प्रमुख और छात्रवृत्ति प्रभारियों को निर्देशित किया है। नियत तिथि तक कार्रवाई पूरी नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो उसके लिए संस्था प्रमुख स्वयं जिम्मेदार होंगे। प्रदेश में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, नर्सिंग महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक, आई.टी.आई., जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्था में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को आदिवासी विकास विभाग से संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदाय की जाती है।




