दो कार से पुलिस ने जब्त की तीस लीटर महुआ शराब, दो युवक गिरफ्तार, दो फरार
महासमुंद। लॉकडाउन के चलते महुआ शराब की अवैध बिक्री व तस्करी जमकर हो रही है। शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने घेराबंदी कर दो कार से तीस लीटर महुआ शराब जब्त किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब का अवैध रूप से परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपी को पकड़ा। वहीं दो मौके पर से फरार हो गए है। जिसकी टीम पतासाजी कर रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। घटना पटेवा व बागबाहरा थाना क्षेत्र का है। बागबाहरा थाना प्रभारी ने संजय राजपूत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि झलप रोड की ओर से एक सफेद रंग की इनोवा कार क्रमांक सीजी 04 जेसी 5100 बागबाहरा की तरफ आई है। कार में सवार युवक महुआ शराब की अवैध रूप से तस्करी कर रहे हैं। टीम को जब पता चला कि कार चंडी मंदिर की ओर गई हैँ तब उसका पीछा किया। इधर, चालकों ने पुलिस को देखकर वाहन को खड़ी कर फरार हो गए। टीम ने जब कार की तलाशी ली तो दो 10- 10 लीटर वाली दो जरिकेन में 20 लीटर महुआ शराब जब्त हुआ। जिसकी कीमत चार हजार रूपये आंकी गई है। वहीं पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इसी प्रकार पटेवा पुलिस ने भी दो युवकों से 10 लीटर महुआ शराब तस्करी करते हुए पकड़ा है। ये आरोपी कार में तस्करी कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरंग जिला रायपुर निवासी विवेक दुबे पिता शिवसेवक दुबे (37) एवं सुनील कंसारी पिता नीलमणी कंसारी (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों से 10 लीटर महुआ शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन कार क्रमांक सीजी 04 एलडब्लू 1566 को जब्त की है।




