महिला की हत्या पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, पति-पुत्र ने मिलकर की थी हत्या
महासमुंद। तुमगांव के वार्ड 12 निवासी एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मिलकर सोमवार की रात महिला की हत्या कर दी थी। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि मृतिका की मानसिक स्थिति काफी खराब थी और वह आएदिन परिजनों से झगड़ा व मारपीट करती थी। इसी से सभी परेशान थे। घटना के दिन भी महिला ने अपने बेटे को जमकर पीटा था। बेटे ने उक्त बातें अपने पिता को बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर रात 3 बजे महिला की हत्या कर दी। तुमगांव पुलिस ने मामले में बेटे चंद्रशेखर साहू और पिता गोवर्धन साहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि संदिग्ध परिस्थितियों में तुमगांव निवासी सुशीला साहू पति गोवर्धन साहू (50) की मौत हो गई है। लेकिन परिजनों ने इसकी सूचना थाने में नहीं दी थी। बुधवार को परिजन महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि महिला की मौत सामान्य नहीं, हत्या है। बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि खाट से गिरने के कारण महिला की मौत हुई है, लेकिन महिला के सिर पर चोट के निशान थे। बाद मृतिका के पति गोवर्धन साहू की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक साक्ष्य के आधार पर शुरू से पुलिस को परिवारवालों पर शक था। इस दौरान पुलिस ने महिला के पति और उसके बेटे से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने हत्या की बात कबूल की।




