रायगढ़ लूटकांड के आरोपी 10 घंटे में ही गिरफ्तार, गृहमंत्री ने आईजी-एसपी को दी बधाई
रायपुर। रायगढ़ शहर के आजाद चौक-किरोड़ीमल नगर में एसबीआई एटीएम में कैश डालने आए वैन चालक व गार्ड को गोलीमारकर लाखों की लूट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 10 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए आईजी और एसपी को फोन कर अपनी बधाई दी है तथा पुलिस की त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा की है।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने आईजी तथा एसपी को फोन कर उनसे बातचीत की तथा पुलिस की त्वरित कार्यवाही और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए पुलिस की छवि और बेहतर करने का सुझाव दिया। ज्ञात हो कि किरोड़ीमल नगर के आजाद चौक स्थित एसबीआई के एटीएम में कैश डालने आए बैंक के वैन चालक व गार्ड को गोली मारकर अपराधियों ने 14 लाख 50 हजार की नगदी लूट ली थी। इस घटना के बाद सेही प्रदेश में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने तत्काल स्पेशल टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन शुरू किया था। पुलिस को इसमें कामयाबी मिली और आरोपियों को लूट की रकम के साथ दबोच लिया गया।




