राजीव गांधी किसान न्याय योजना: खेती-किसानी को मिला संबल
रायपुर। वैश्विक महामारी कोरोना के कारण आयी आर्थिक मंदी में छत्तीसगढ़ सरकार की 'राजीव गांधी किसान न्याय योजना' ने किसानों को संबल दिया है। योजना के तहत पहली किस्त मिलने से किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुट गए है। राज्य के अन्य किसानों की भांति बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी निवासी बृजेश शर्मा भी इस योजना से लाभान्वित हुए है और योजना के तहत उन्हें प्रथम किस्त के रूप में 60 हजार रूपए की राशि मिली है। न्याय योजना से किसानों को आर्थिक मदद मिल रही है। जिससे राज्य के किसान दोगुने उत्साह के साथ खेती-किसानी के कार्य में जुटे हुए हैं।
किसान बृजेश शर्मा ने बताया कि उनकी आजीविका का एकमात्र साधन खेती-किसानी ही है। जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। कोरोना संकट के कारण उन्हें खेती-किसानी को लेकर कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन राज्य सरकार की न्याय योजना इन परिस्थितियों में हमारे लिए वरदान साबित हुई है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा योजना के तहत प्रदेश के 19 लाख किसानों को 5750 करोड़ रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से चार किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। प्रथम किस्त के बाद द्वितीय किस्त 20 अगस्त को राजीव गांधी की जयंती पर उपलब्ध करायी जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए कृषक शर्मा ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता का ही परिचायक है कि उन्होंने किसानों के हितों को ध्यान में रखकर यह योजना बनाई है। इस मुश्किल घड़ी में भी वे किसानों के साथ खड़े है और लगातार उनकी बेहतरी के लिए प्रयास कर रहे है। प्रथम किस्त की राशि मिलने से किसानों के परिवार में खुशहाली आयी है और किसानों में खेती-किसानी को लेकर नए उत्साह का संचार हुआ है।




