राहत भरी खबर: एम्स रायपुर में भर्ती दो महिला मरीज हुए स्वस्थ्य, अस्पताल से मिली छुट्टी
रायपुर। आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए काफी राहत और सुकून भरा है। कोटा से बच्चों को लेकर जहां बसें सुरक्षित छत्तीसगढ़ लौट आई है तो वहीं एम्स में भर्ती कोरोना के 5 मरीजों में से 2 और मरीज स्वस्थ्य होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं।
एम्स प्रबंधन से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि एम्स में कोविड-19 से पीडि़त 5 में से दो मरीजों को आज स्वस्थ्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। यह दोनों मरीज महिला हैं जिन्हें आज एम्स रायपुर से डिस्चार्ज किया गया है। इन दोनों मरीजों की दूसरी बार कोविड-19 की जांच की गई जिसमें रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई। इसके बाद प्रबंधन ने इन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है। अब छत्तीसगढ़ में कोविड-19 से पीडि़त केवल तीन मरीज शेष रह गए हैं। इनमें एम्स के नर्सिंग अधिकारी भी शामिल हैं। एम्स प्रबंधन से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि एम्स में भर्ती कोविड-19 के तीन मरीजों की हालत पूरी तरह से स्थिर और सामान्य बना हुआ है। इन मरीजों का बेहतर उपचार किया जा रहा है और जल्द ही तीनों मरीज भी पूर्ण स्वस्थ्य हो जाएंगे। यह छत्तीसगढ़ के लिए काफी महत्वपूर्ण दिन भी साबित होगा क्योंकि आज ही कोटा-राजस्थान से बच्चों को लेकर बसें राज्य पहुंच चुकी हैं और सुबह दो बसें राजधानी रायपुर पहुंच चुकी है। शेष बसें राज्य के अलग-अलग संभाग मुख्यालयों में अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंच जाएंगे।




