फुटकर व्यापारियों ने मांगी रात 9 बजे तक व्यापार की अनुमति, फुटकर व्यापारियों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
महासमुुंद। कोरोना संक्रमण को लेकर पिछले पांच माह से चल रहे लॉकडाउन और व्यापार के लिए सीमित समय तक व्यापार के लिए दी जा रही अनुमति से व्यापारी परेशान है। इससे सबसे अधिक प्रभावित शहर के फुटकर व्यापारी है। परेशान फुटकर व्यापारियों ने मंगलवार सुबह प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर रात 9 बजे तक व्यापार करने की अनुमति मांगी है। इसके लिए व्यापारियों ने कलेक्टर के साथ ही एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपा है।
सौंपे हुए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से व्यापार करने के लिए व्यापारियों को दी गई अनुमति में सुबह 8 से शाम 7 बजे तक का समय निर्धारित है, लेकिन शहर के संध्याकालीन फुटकर व्यापारी गुपचुप-चाट, भेल, चाऊमीन, एगरोल, फल्ली ठेला, मोमोज, व अन्य खाद्य सामग्री की दुकानें शाम 6 बजे के लगती है। इससे घंटेभर के भीतर व्यापार करना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होनें बताया कि इसकी वजह से सभी फुटकर व्यापारियों की आर्थिक स्थिति दिनों दिन खराब होती जा रही है। जिससे उनके सामने भूखे मरने की नौबत आ गई है। इन सब परेशानियों को देखते हुए आज फुटकर व्यापारियों ने बैठक कर रात 9 बजे तक व्यापार करने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगने का निर्णय लिया और चेंबर अध्यक्ष राकेश झाबक के नेतृत्व में एसडीएम और कलेक्टर पहुंच ज्ञापन सौंपा है।
शहर में दो सौ फुटकर व्यापारी-
फुटकर संघ अध्यक्ष सुरेश जलक्षत्री ने बताया कि शहर में करीब दो सौ फुटकर व्यापारी है। जिनकी दुकानें शाम 6 बजे के बाद लगती है। बाजार का समय निर्धारित होने की वजह से फुटकर व्यापारियों के साथ परिवार के लोगोंं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने बताया कि उनके आय का मुख्य साधन यही व्यापार है जिसके भरोसे वे परिवार का भरण पोषण करते है।




